IPL 2026: रोहित की जगह उतरे क्विंटन डी कॉक ने वानखेड़े में मचाया गदर, 53 गेंदों में ठोका तूफानी शतक
रोहित शर्मा की जगह खेल रहे क्विंटन डी कॉक ने वानखेड़े में गदर मचा दिया. उन्होंने 53 गेंदों में तूफानी शतक जड़कर मुंबई के फैंस का दिल जीत लिया.
MI VS PBKS: आईपीएल 2026 के रोमांचक क्रिकेट एक्शन के बीच गुरुवार, 16 अप्रैल का दिन मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए बेहद खास रहा. मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए एक हाई-वोल्टेज मुकाबले में साउथ अफ्रीकी दिग्गज क्विंटन डी कॉक ने बल्ले से ऐसी तबाही मचाई कि पंजाब के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए. इस पारी के बाद मुंबई फैंस खुशी से झुमते दिखें.
चोटिल रोहित की जगह मिला मौका
मुंबई इंडियंस के लिए यह मैच चुनौतीपूर्ण था क्योंकि नियमित खिलाड़ी रोहित शर्मा चोट के कारण बाहर थे. रोहित शर्मा की इसी चोट के चलते शुरुआती लाइन-अप में बदलाव हुआ और क्विंटन डी कॉक को इस सीजन का अपना पहला मैच खेलने का मौका मिला.
53 गेंदों में जड़ा शतक
डी कॉक ने इस मौके का दोनों हाथों से फायदा उठाया और महज़ 53 गेंदों में अपना शानदार शतक ठोक डाला. इस प्रोटियाई बल्लेबाज की आक्रामक पारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान सात गगनचुंबी छक्के और सात दर्शनीय चौके जड़े.
रिवर्स-रैंप शॉट से छुआ 100 का जादुई आंकड़ा
शतक पूरा करने का डी कॉक का अंदाज टी20 क्रिकेट के उनके बेखौफ रवैये को दर्शाता है. जब वह शतक के करीब थे, तब उन्होंने जेवियर बार्टलेट की गेंद का सामना करते हुए एक बेहतरीन रिवर्स-रैंप शॉट खेला और इस जादुई उपलब्धि को हासिल कर लिया.
आईपीएल करियर में जड़ा तीसरा शतक
मुंबई इंडियंस की जर्सी में जड़ा गया यह शतक डी कॉक के आईपीएल करियर का कुल तीसरा शतक है. इससे पहले यह धाकड़ विकेटकीपर-बल्लेबाज टूर्नामेंट के इतिहास में दिल्ली डेयरडेविल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से खेलते हुए भी एक-एक शतक अपने नाम कर चुका है.
बने सीजन के दूसरे सेंचुरियन
वानखेड़े स्टेडियम में खेली गई इस जादुई पारी के साथ ही डी कॉक आईपीएल 2026 में शतक जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज भी बन गए हैं. याद दिला दें कि इस सीजन का पहला शतक संजू सैमसन के बल्ले से निकला था, जब उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना शतक जड़ा था.