IPL 2026: पंजाब किंग्स ने लखनऊ को दी करारी शिकस्त, प्रियांश-कोनोली के तूफान के बाद गेंदबाजों ने दिखाया कमाल
पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 से हराया.
PBKS vs LSG: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 29वें हाई-वोल्टेज मुकाबले में पंजाब किंग्स ने अपने बल्लेबाजों के खूंखार प्रदर्शन के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी है. रविवार को खेले गए इस महामुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का कप्तान ऋषभ पंत का फैसला लखनऊ के लिए किसी बुरे सपने जैसा साबित हुआ. पंजाब के बल्लेबाजों ने स्टेडियम में चौकों-छक्कों की ऐसी बारिश की, जिसके आगे लखनऊ का हर स्टार गेंदबाज बेबस नजर आया.
प्रियांश और कोनोली ने मचाई तबाही
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही. मैच के पहले ही ओवर में अनुभवी मोहम्मद शमी ने प्रभसिमरन सिंह को बिना खाता खोले पवेलियन का रास्ता दिखा दिया, लेकिन इसके बाद क्रीज पर प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली नाम का तूफान आया. दोनों युवाओं ने लखनऊ के गेंदबाजों की बेरहमी से कुटाई करते हुए दूसरे विकेट के लिए महज 80 गेंदों में 182 रनों की विध्वंसक साझेदारी कर डाली.
254 रनों का विशालकाय स्कोर बोर्ड पर लगा
प्रियांश ने सिर्फ 37 गेंदों पर 4 चौकों और 9 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 93 रनों की आतिशी पारी खेली. वहीं, कोनोली ने 46 गेंदों में 7 छक्के जड़ते हुए 87 रन ठोके. प्रिंस यादव ने कोनोली को आउट कर इस खतरनाक जोड़ी को जरूर तोड़ा, लेकिन तब तक नुकसान हो चुका था. अंत में शशांक सिंह (17) और नेहल वढेरा (13) के उपयोगी रनों से पंजाब ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 254 रनों का विशालकाय स्कोर बोर्ड पर लगा दिया.
दबाव में बिखरी लखनऊ की टीम
255 रनों के असंभव से लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ को मिचेल मार्श और आयुष बदोनी ने तेज शुरुआत दी और 61 रन जोड़े. छठे ओवर में बदोनी के आउट होने के बाद कप्तान ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला. पंत ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए 23 गेंदों में 43 रन कूट दिए, लेकिन उनके और मार्श के आउट होते ही लखनऊ की रनचेज पूरी तरह पटरी से उतर गई.
अंतिम ओवरों में एडेन मार्करम और मुकुल चौधरी ने हार का अंतर कम करने की कोशिश जरूर की, लेकिन लक्ष्य इतना बड़ा था कि लखनऊ की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर सिर्फ 200 रन ही बना सकी.
पॉइंट्स टेबल में पंजाब की लंबी छलांग
इस शानदार जीत के साथ पंजाब किंग्स पॉइंट्स टेबल में बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच गई है. 6 मैचों में दमदार प्रदर्शन के साथ पंजाब के खाते में अब 11 अंक हो गए हैं. दूसरी ओर, ऋषभ पंत की अगुवाई वाली लखनऊ सुपर जायंट्स की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. टीम 6 मैचों में महज 4 अंकों के साथ अंकतालिका में निचले पायदान पर संघर्ष कर रही है.