शानदार जीत, कमाल का टीम वर्क... एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट टीम की स्वर्णिम सफलता पर बोले PM मोदी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराकर लगातार दूसरा गोल्ड जीता.

X
Ashutosh Rai

जापान में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में अपना खिताब बचाते हुए श्रीलंका को 147 रन से हरा दिया. भारत ने 216 रन बनाए और श्रीलंका को 69 रन पर समेट दिया. इस जीत से भारत ने मौजूदा खेलों में पहला गोल्ड मेडल जीता.

जापान की धरती पर तिरंगा लहराया

भारतीय महिला टीम ने फाइनल में शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 216 रन बनाए. स्मृति मंधाना ने 79 रन की तेज पारी खेली. वहीं शेफाली वर्मा ने 48 रन बनाकर मजबूत शुरुआत दी. आखिरी ओवरों में रिचा घोष ने 49 रन की नाबाद पारी खेलकर स्कोर को बड़े स्तर तक पहुंचाया. भारत ने श्रीलंका के सामने 217 रन का लक्ष्य रखा, जो एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा.

गेंदबाजों ने श्रीलंका की पारी को समेटा

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी. कप्तान चमारी अटापट्टू ने 29 रन बनाए लेकिन बाकी बल्लेबाज लगातार विकेट गंवाते रहे. दीप्ति शर्मा ने केवल 6 रन देकर 3 विकेट लिए. शेफाली वर्मा ने 3 रन देकर 2 विकेट, श्रेयंका पाटिल ने 9 रन देकर 2 विकेट और श्री चरणी ने 13 रन देकर 2 विकेट झटके. श्रीलंका की पूरी टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर आउट हो गई और भारत ने 147 रन से फाइनल जीत लिया.


पीएम मोदी ने टीम को सराहा

इस जीत के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया. इससे पहले टीम ने 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीता था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए जीत को शानदार बताया और खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, कौशल तथा टीम वर्क को सराहा. भारत के लिए यह एशियन गेम्स 2026 का पहला गोल्ड मेडल है. इस प्रदर्शन से टीम ने एक बार फिर बड़े टूर्नामेंट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई.