Paris Olympics 2024: भारत के खाते में दूसरा मेडल, मनु भाकर ने सरबजोत के साथ मिलकर रचा इतिहास
पेरिस ओलिंपिक में मंगलवार को मनु भाकर और सरबजोत सिंह का 10 मीटर पिस्टर मिक्स्ड टीम इवेंट का ब्रॉन्ज मेडल जीतकर कमाल कर दिया है. मनु दूसरी बार उम्मीदों पर खरा उतरी हैं.
Paris Olympics 2024: पेरिस में खेले जा रहे ओलंपिक गेम्स 2024 में आज चौथा दिन है. चौथे दिन भारत की झोली में दूसरा मेडल आया है. शूटर मनु और सरबजोत की भारतीय जोड़ी ने 10 मीटर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के ब्रॉन्ज मेडल मैच में कोरिया को 16-10 से हराया. इस जीत के साथ ही शूटर मनु भाकर ने पेरिस ओलिंपिक में इतिहास रच दिया है. वे एक ही ओलिंपिक गेम्स में दो मेडल जीतने पहली भारतीय बन गई हैं.
शूटर मनु भाकर महिलाओं के व्यक्तिगत 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में कांस्य पदक जीता था. जिसके बाद मनु ने मंगलवार को सरबजोत सिंह के साथ मिश्रित टीम 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में भारत को एक और कांस्य पदक दिलाकर कमाल कर दिया है.
सबसे आगे क्यों हैं मनु भाकर
दरअसल, मनु भाकर से पहले ओलंपिक इतिहास में 2 ऐसे इंडियन एथलीट हुए हैं, जिन्होंने इंडिविजुअल इवेंट में दो मेडल जीते हैं. मनु से पहले सुशील कुमार ने 2008 और 2012 में कुश्ती में यह कमाल किया था. उनके अलावा स्टार शटलर पीवी सिंधु ने 2016 और 2020 में मेडल जीते थे. हालांकि मनु इन दोनों एथलीट से इसलिए आगे हैं क्योंकि उन्होंने अपने दोनों मेडल एक ही ओलंपिक में जीते हैं.