T20 World Cup 2026

Paris Olympics 2024: 5 ब्रॉन्ज, 1 सिल्वर, गोल्ड की संख्या 0, इस बार किन एथलीट्स ने दिलाए मेडल?

Paris olympics 2024: पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत के खाते में 6 पदक आए हैं. इनमें 5 ब्रॉन्ज जबकि एक सिल्वर मेडल है. सिल्वर जीतने वाले नीजर चोपड़ा हैं, जबकि बाकी के सभी मेडल ब्रॉन्ज हैं. तीन ब्रॉन्ज शूटिंग में आए हैं. एक हॉकी टीम ने जीता, जबकि एक ब्रॉन्ज रेसलिंग में आया. ओलिंपिक मेडल टैली में भारत 71वें स्थान पर है.

Twitter
India Daily Live

Paris olympics 2024: पेरिस ओलंपिक 2024 का आज आखिरी दिन है. रात में क्लोजिंग सेरेमनी रखी गई है. इस बार भारत ने अपने 117 एथलीट पेरिस भेजे थे. मेडल का टारगेट 10 पार रखा गया था, लेकिन सिर्फ 6 ही पदक आए हैं. पिछली बार टोक्यो ओलंपिक में देश के खाते में रिकॉर्ड 7 मेडल आए थे, इस बार यह आंकड़ा भी पार नहीं हुआ. हमारे एथलीट्स ने पूरा दम लगाया, लेकिन वो मेडल को 7 के पार नहीं ले जा पाए. अगर आंकड़ों के नजरिए से देखें तो हमारा प्रदर्शन पिछली बार की अपेक्षा इस बार निराश करने वाला रहा है.

पहला मेडल मनु भाकर ने दिलाया

इस बार भारत के लिए सबसे पहले शूटिंग में मेडल आया था. निशानेबाज मनु भाकर ने 28 जुलाई को प्रतियोगिता के दूसरे दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीतकर देश को खुश होने का मौका दिया.

शूटिंग में ही दूसरा मेडल आया

2 दिन बाद उन्होंने 30 जुलाई को मिश्रित टीम 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भी ब्रॉन्ज जीत लिया. उनके साथ सरबजोत सिंह थे, इस जोड़ी ने ब्रॉन्ज जीतकर पदकों की संख्या 10 पार होने की उम्मीद बढ़ा दी थी, लेकिन आखिर में भारत 6 मेडल पर रुक गया.

तीसरा मेडल शूटर स्वप्निल कुसाले ने ब्रॉन्ज दिलाया

शूटर स्वप्निल कुसाले ने1 अगस्त को पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में कांस्य पदक जीता. वे रियो और टोक्यो में पिछले दो संस्करणों में खाली हाथ लौटे थे, लेकिन इस बार वो उम्मीदों पर खरा उतरे और देश का नाम रोशन किया.



चौथा मेडल हॉकी टीम ने दिलाया

इस बार भारत के लिए भारतीय हॉकी टीम ने ब्रॉन्ज दिलाया. इस मेडल के लिए हुए मैच में टीम इंडिया ने स्पेन को 2-1 से हराया और ब्रॉन्ज पर कब्जा किया. यह हॉकी टीम के लिए 52 वर्षों में पहला बैक-टू-बैक पदक था.

पांचवा मेडल नीरज ने दिलाया

8 अगस्त को भारत के लिए नीरज ने जैवलिन में सिल्वर दिलाया. नीरज ने पिछले टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीता था. उन्होंने इस बार 89.45 मीटर का थ्रो किया. वहीं पाकिस्तान के अरशद नदीम ने नीरज को पीछे छोड़ते हुए 92.97 मीटर थ्रो करते हुए गोल्ड जीता.

छठवां मेडल अमन ने दिलाया

भारत के लिए छठवां मेडल अमन सहरावत ने कुश्ती में दिलाया. उन्होंने 57 किलो ग्राम वेट वर्ग में यह कमाल किया. वे अपना पहला ओलंपिक खेल रहे थे.