Firozabad Accident: विसर्जन के लिए जा रहे लोगों को कार ने रौंदा, 3 लड़कियों समेत 5 की मौत; 14 घायल
Firozabad Accident: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया.
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया. टेशू-झांझी के विवाह की रस्म पूरी करने के बाद विसर्जन के लिए जा रहे ग्रामीणों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. इस हादसे में तीन लड़कियों समेत पांच लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य 14 लोग घायल हो गए.
दो जगहों पर कार ने मचाया कहर:
खबरों के अनुसार, रविवार रात पूर्णिमा के अवसर पर फिरोजाबाद के छटनपुर गांव में टेशू-झांझी के विवाह की पारंपरिक रस्म पूरी की गई थी. इसके बाद ग्रामीण विसर्जन के लिए जा रहे थे. इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की ओर से आई एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी.
Also Read
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक रुका नहीं और आगे बढ़ गया. ग्रामीणों ने कार का पीछा किया. इसी दौरान लेबर कॉलोनी के पास भी कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी. इसके बाद वाहन नसीरपुर क्षेत्र की ओर बढ़ने लगा.
ग्रामीणों ने कार सवारों को पकड़ा:
एक के बाद एक दो जगहों पर हादसा होने से ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया. पीछा कर रहे लोगों ने कार को घेर लिया और उसमें सवार चार लोगों को पकड़ लिया. गुस्साए ग्रामीणों ने उनके साथ मारपीट भी की. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने दीपिका (19), आकांक्षा, अंजली, हरीश उर्फ सोनू और 11 वर्षीय गुन्नू को मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया. अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. सभी अपने परिजनों की हालत जानने के लिए परेशान रहे.