टी20 विश्व कप से बाहर होने पर पाकिस्तान खिलाड़ियों ने कोच पर फोड़ दिया ठीकरा, लौट के बुद्धू घर को आए वाले हुए हालात
रिपोर्ट के मुताबिक, खिलाड़ियों को लगा कि कोच हर मामले में ज्यादा हस्तक्षेप कर रहे थे. इससे कप्तान की भूमिका भी सीमित हो गई थी. टीम के कुछ सदस्यों ने रणनीति और चयन को लेकर असंतोष जताया.
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बेहतर प्रदर्शन न कर पाने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है. टीम के सफेद गेंद फॉर्मेट के मुख्य कोच माइक हेसन (Mike Hesson) के कामकाज और व्यवहार पर सवाल उठने लगे हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कुछ खिलाड़ियों ने उनके रवैये को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से शिकायत की है.
बताया जा रहा है कि टी20 विश्व कप के दौरान टीम के भीतर रणनीति और प्रबंधन को लेकर असहमति थी. हालांकि, बोर्ड की ओर से अभी तक किसी बड़े फैसले का ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन माइक हेसन के काम की समीक्षा शुरू होने की खबरें हैं.
विश्व कप में पाक का खराब प्रदर्शन
आईसीसी टी20 विश्व कप में पाकिस्तान की टीम अपना अभियान सुपर-8 राउंड तक ही बढ़ा पाई थी और बेहतर रन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड से पिछड़कर बाहर हो गई. श्रीलंका के खिलाफ खेले गए अहम मैच में भई टीम को मामूली अंतर से जीत मिली थी. टीम की कमान सलमान अली आगा के हाथ में थी. लगातार आलोचना के बीच माहौल तनावपूर्ण बना रहा.
अलीम डार ने दिया इस्तीफा
रिपोर्ट के मुताबिक, खिलाड़ियों को लगा कि कोच हर मामले में ज्यादा हस्तक्षेप कर रहे थे. इससे कप्तान की भूमिका भी सीमित हो गई थी. टीम के कुछ सदस्यों ने रणनीति और चयन को लेकर असंतोष जताया. इसी बीच PCB सिलेक्शन कमिटी के सदस्य अलीम डार ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया.
हालांकि, उनके इस्तीफे के पीछे की आधिकारिक वजह साफ नहीं की गई है. सूत्रों का कहना है कि फिलहाल हेसन को तुरंत हटाने की संभावना कम है. बोर्ड पहले पूरे मामले की जांच करेगा और फिर आगे का फैसला लिया जाएगा. जरूरत पड़ने पर उन्हें चेतावनी भी दी जा सकती है. वहीं, एक अन्य रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि सरफराज अहमद को पाकिस्तान टीम का कोच बनाया जा सकता है.
कप्तान की भूमिका सीमित
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कोच माइक हेसन टीम के लगभग हर फैसले में सीधा हस्तक्षेप कर रहे थे. कहा जा रहा है कि टीम रणनीति से लेकर प्लेइंग इलेवन और अन्य अहम मामलों तक, ज्यादातर निर्णय उन्हीं के स्तर पर तय हो रहे थे. इस वजह से कप्तान सलमान अली आगा की भूमिका सीमित रह गई. जिससे टीम के भीतर असहज स्थिति पैदा हो गई.
कप्तान और कोच की बातचीत
टी20 वर्ल्ड कप के दौरान एक मुकाबले में कोच और कप्तान को आपस में बातचीत करते हुए देखा गया था. उस समय हेसन काफी नाराज नजर आए थे. इस घटना के बाद टीम मैनेजमेंट ने सार्वजनिक रूप से किसी भी तरह के विवाद से इनकार किया था.
और पढ़ें
- IPL से पहले एमएस धोनी के खिलाफ एक्शन, जानें सड़क पर किस गलती के लिए लगा फाइन?
- IND vs ENG: जानें कहां फ्री में देख पाएंगे भारत-इंग्लैंड का सेमीफाइनल मैच, यहां जानें लाइव स्ट्रीमिंग-टेलीकॉस्ट का पूरा अपडेट
- भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास, 'लॉरियस अवॉर्ड' के लिए नॉमिनेट होने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेट टीम बनी