'और कितने टूर्नामेंट हरवाओगे', Babar Azam पर फूटा फैंस का गुस्सा, पिछली 10 पारियों के आंकड़े हैरान कर देंगे
Babar Azam: पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच रावलपिंडी में चल रहा है. पाकिस्तान टीम ने पहले दिन 4 विकेट खोकर 158 रन बनाए. बाबर आजम खाता नहीं खोल पाए. इसलिए वो फैंस के निशाने पर हैं. पिछली 10 पारियों में लगातार जल्दी आउट होने वाले इस स्टार बैटर को फैंस अब टीम से निकालने की मांग कर रहे हैं.
Babar Azam: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज बाबर आजम का फ्लॉप शो जारी है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 में उनका बल्ला जाम हो चुका है. 21 अगस्त से शुरू हुए बांग्लादेश के खिलाफ रावलपिंडी टेस्ट में बाबर बिना खाता खोले लौट आए. उन्होंने सिर्फ 2 गेंदों का सामना किया. बांग्लादेश के तेज गेंदबाज शोरफुल इस्लाम ने बाबर को 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर विकेट के पीछे लिटन दास से कैच आउट कराया. लगातार फ्लॉप हो रहे बाबर आजम पर अब फैंस का गुस्सा फूट गया है. जैसे ही बाबर जीरो पर आउट हुए तो सोशल मीडिया पर फैंस ने उन्हें ट्रोल कर दिया.
पिछली 10 पारियों में फ्लॉप रहे हैं बाबर आजम?
बाबर आजम पिछली 10 टेस्ट पारियों में बुरी तरह फ्लॉप रहे. टेस्ट क्रिकेट करियर में उनका यह 8वीं बार डक आउट था. वो पाकिस्तान की सरजमीं पर टेस्ट में पहली बार जीरो पर पवेलियन लौट आए, पिछली 10 पारियों में उनका हाई स्कोर 41 रन है. 13 पारियों से फिफ्टी तक नहीं निकली. बाबर ने आखिरी बार दिसंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 161 रनों की पारी खेली थी, इसके बाद से ही वो रनों के लिए तरस गए हैं.
13(16), 24(28), 39(75), 21(54), 14(37), 1(7), 41(79), 26(40), 23(52) और अब 0(2)
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 में सबसे खराब औसत
बाबर आजम के फैंस को यह जानकर हैरानी होगा कि उनके चहेते खिलाड़ी ने बाबर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 में सबसे खराब औसत वाले टॉप-5 बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं. बाबर 20.20 के औसत के साथ तीसरे पायदान पर काबिज हैं, इस लिस्ट में सिर्फ ऐसे बल्लेबाजों को जगह दी गई जो 1 से 7 नंबर के बीच बल्लेबाजी करते हैं.
WTC 2023-25 में सबसे खराब औसत (न्यूनतम 10 पारी)
9.80 - टॉम ब्लंडेल (न्यूजीलैंड)
16.91 - किर्क मैकेंजी (वेस्टइंडीज)
20.20 - बाबर आजम (पाकिस्तान)
21.00 - मिकाइल लुइस (वेस्टइंडीज)
21.83 - क्रैग ब्रैथवेट (वेस्टइंडीज)