वो ईमानदार इंसान है... जेल में बंद इमरान खान को याद कर फूट-फूटकर रोए मियांदाद
जावेद मियांदाद इमरान खान को याद कर भावुक हो गए. उन्होंने अपने पुराने साथी को ईमानदार बताया और जेल में उनके साथ हो रहे व्यवहार पर चिंता जताई.
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान इन दिनों जेल में हैं. उनके पुराने साथी जावेद मियांदाद ने एक इंटरव्यू में उनका जिक्र करते हुए आंसू बहाए. मियांदाद ने कहा कि वह इमरान को करीब से जानते हैं और उन्हें भरोसा है कि वह गलत कामों में शामिल नहीं हो सकते.
इमरान को याद कर रो पड़े मियांदाद
जावेद मियांदाद ने कहा कि इमरान बेहद ईमानदार इंसान हैं और अगर उन्हें जेल से बाहर कर दिया जाए तो किसी को कोई नुकसान नहीं होगा. उन्होंने दोनों के बीच किसी दुश्मनी की बात भी खारिज की. मियांदाद के मुताबिक, क्रिकेट के दौरान दोनों के बीच मतभेद जरूर हुए लेकिन पाकिस्तान को जिताना हमेशा उनका साझा लक्ष्य रहा.
बेटों ने जेल में खराब हालत का लगाया आरोप
इमरान के बेटों सुलेमान और कासिम ने भी पिता की स्थिति को लेकर चिंता जताई है. कासिम ने दावा किया कि इमरान को लंबे समय तक अकेले एक छोटी कोठरी में रखा जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है.
Also Read
1992 में दोनों ने पाकिस्तान को दिलाया था विश्व कप
इमरान खान और जावेद मियांदाद की जोड़ी ने 1992 वर्ल्ड कप फाइनल में पाकिस्तान को ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. पाकिस्तान ने 24 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद दोनों ने 139 रन की साझेदारी की. इमरान ने 72 और मियांदाद ने 58 रन बनाए थे. उस जीत ने पाकिस्तान को उसका पहला वनडे विश्व कप दिलाया था.