पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान इन दिनों जेल में हैं. उनके पुराने साथी जावेद मियांदाद ने एक इंटरव्यू में उनका जिक्र करते हुए आंसू बहाए. मियांदाद ने कहा कि वह इमरान को करीब से जानते हैं और उन्हें भरोसा है कि वह गलत कामों में शामिल नहीं हो सकते.
जावेद मियांदाद ने कहा कि इमरान बेहद ईमानदार इंसान हैं और अगर उन्हें जेल से बाहर कर दिया जाए तो किसी को कोई नुकसान नहीं होगा. उन्होंने दोनों के बीच किसी दुश्मनी की बात भी खारिज की. मियांदाद के मुताबिक, क्रिकेट के दौरान दोनों के बीच मतभेद जरूर हुए लेकिन पाकिस्तान को जिताना हमेशा उनका साझा लक्ष्य रहा.
इमरान के बेटों सुलेमान और कासिम ने भी पिता की स्थिति को लेकर चिंता जताई है. कासिम ने दावा किया कि इमरान को लंबे समय तक अकेले एक छोटी कोठरी में रखा जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है.
इमरान खान और जावेद मियांदाद की जोड़ी ने 1992 वर्ल्ड कप फाइनल में पाकिस्तान को ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. पाकिस्तान ने 24 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद दोनों ने 139 रन की साझेदारी की. इमरान ने 72 और मियांदाद ने 58 रन बनाए थे. उस जीत ने पाकिस्तान को उसका पहला वनडे विश्व कप दिलाया था.