भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास, 'लॉरियस अवॉर्ड' के लिए नॉमिनेट होने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेट टीम बनी
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप जीत एक बड़ा अवार्ड मिलने जा रहा है. टीमपहली बार लॉरियस अवॉर्ड के लिए हुई नॉमिनेट.
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने खेल जगत में एक और बहुत बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप का प्रतिष्ठित खिताब जीतने के बाद, अब हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली इस भारतीय टीम ने एक नया इतिहास रच दिया है. इस शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया को दुनियाभर में खेलों के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक 'लॉरियस अवॉर्ड्स' में साल की बेस्ट टीम के पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया गया है.
क्रिकेट इतिहास के लिए मील का पत्थर
लॉरियस स्पोर्ट ने 3 मार्च को आधिकारिक तौर पर इस खबर की पुष्टि की है. यह क्रिकेट इतिहास के लिए एक बहुत बड़ा मील का पत्थर है, क्योंकि भारतीय टीम इस नामचीन अवॉर्ड को जीतने के लिए नामित होने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेट टीम बन गई है. वर्ल्ड कप में किया था ऐतिहासिक प्रदर्शन साल 2025 भारतीय महिला क्रिकेट टीम और उसके फैंस के लिए बहुत ही यादगार साल रहा था. इसी साल भारतीय टीम ने अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीतकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराया था.
यात्रा का किया जिक्र
लॉरियस स्पोर्ट ने अपनी आधिकारिक प्रेस रिलीज में भारतीय टीम की इस शानदार यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में जीत के दौरान एक अविश्वसनीय कारनामा किया था. भारत ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य (339 रन) सफलतापूर्वक हासिल किया था और ऐतिहासिक रन चेज का रिकॉर्ड अपने नाम किया था.
दुनिया की बेहतरीन टीमों के साथ टक्कर
इस बड़े लक्ष्य का पीछा करने के बाद भारतीय टीम ने फाइनल खिताबी मुकाबले में साउथ अफ्रीका को हराकर अपना पहला खिताब जीता था. इसी ऐतिहासिक और जुझारू प्रदर्शन के कारण ही टीम को इस महान पुरस्कार के लिए चुना गया है. दिग्गज टीमों से होगी टक्कर इस बड़े अवॉर्ड के लिए भारतीय टीम की टक्कर दुनिया की कुछ सबसे बेहतरीन टीमों के साथ होगी.
लॉरियस अवॉर्ड के लिए हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम के साथ-साथ इंग्लैंड की महिला फुटबॉल टीम, यूरोपीय राइडर कप टीम, फ्रांस की प्रसिद्ध फुटबॉल लीग टीम पेरिस सेंट जर्मेन (PSG) और मैकलारेन फॉर्मूला वन टीम जैसी बड़ी और दिग्गज टीमों को भी नॉमिनेट किया गया है.