'उम्र नहीं फिटनेस मायने रखती है', 2027 वर्ल्ड कप में इस खिलाड़ी पर कैफ को भरोसा
मोहम्मद कैफ ने कहा है कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप जीतने के लिए भारत को सिर्फ विराट कोहली और रोहित शर्मा की बल्लेबाजी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए.
2027 वनडे वर्ल्ड कप जीतने के लिए भारतीय टीम को सिर्फ विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे स्टार बल्लेबाजों पर निर्भर रहने के बजाय अपनी गेंदबाजी और फील्डिंग को मजबूत करना होगा. पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ का मानना है कि टीम इंडिया के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी बेहद अहम साबित हो सकते हैं.
2027 का वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा. कैफ के मुताबिक, अफ्रीका में अब पहले की तुलना में बल्लेबाजी के लिए बेहतर पिचें देखने को मिल रही हैं. ऐसे में गेंदबाजी में जो टीम ज्यादा मजबूत होगी, उसके पास खिताब जीतने का बेहतर मौका होगा.
कैफ ने क्या कहा?
कैफ ने कहा कि भारत को यह तय करना होगा कि जसप्रीत बुमराह के बाद गेंदबाजी की जिम्मेदारी कौन संभालेगा. उनके मुताबिक टीम मैनेजमेंट युवा गेंदबाजों को लगातार मौके दे रहा है, लेकिन युवा कप्तान शुभमन गिल के साथ गेंदबाजी में अनुभव भी जरूरी है. कैफ का मानना है कि सिर्फ युवा गेंदबाजी संयोजन के भरोसे वर्ल्ड कप जीतना आसान नहीं होगा.
Also Read
- IND vs WI 2nd T20I: 53 रन बनाते ही अभिषेक शर्मा तोड़ देंगे सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड! रांची में रच पाएंगे इतिहास?
- ‘What The Procedure?’ जडेजा के एक कमेंट से मचा हंगामा, क्या बनेंगे टीम इंडिया के नए चीफ सेलेक्टर?
- Lionel Messi Bids Farewell: आंखों में आंसू, आखिरी मैच में गोल… मेसी ने ऐसे कहा फुटबॉल को अलविदा
मोहम्मद शमी को खास तौर पर बताया जरूरी
कैफ ने मोहम्मद शमी को खास तौर पर टीम के लिए जरूरी बताया. शमी 2023 वनडे वर्ल्ड कप में भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे. कैफ ने उन्हें आईसीसी इवेंट का बॉलर बताया और कहा कि उन्होंने हर वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन किया है.
शमी ने कब खेला था पिछला इंटरनेशनल मैच
शमी ने भारत के लिए अपना पिछला इंटरनेशनल मैच मार्च 2025 में खेला था और लंबे समय से टीम से बाहर हैं. हालांकि कैफ का कहना है कि उम्र को वापसी में बाधा नहीं बनना चाहिए. उनके मुताबिक खिलाड़ी की फिटनेस और प्रदर्शन ज्यादा महत्वपूर्ण है. कैफ ने बताया कि शमी घरेलू क्रिकेट में गेंदबाजी कर रहे हैं और 20 ओवर तक गेंदबाजी कर रहे हैं, जो उनकी फिटनेस का संकेत है.
टीम की सफलता में अहम योगदान
कैफ ने 2003 वर्ल्ड कप का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी एक खिलाड़ी के दम पर विदेश में वर्ल्ड कप नहीं जीता जा सकता. उस टूर्नामेंट में सचिन तेंदुलकर भारत के मुख्य बल्लेबाज थे, लेकिन युवराज सिंह, राहुल द्रविड़, वीरेंद्र सहवाग, आशीष नेहरा, जहीर खान और जवागल श्रीनाथ ने भी टीम की सफलता में अहम योगदान दिया था.
कैफ के मुताबिक, 2027 वर्ल्ड कप में भारत को बल्लेबाजी में ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है क्योंकि टीम के पास कई प्रतिभाशाली बल्लेबाज मौजूद हैं. असली चुनौती मजबूत और अनुभवी पेस अटैक तैयार करना है. ऐसे में अगर शमी फिट रहते हैं और अपनी लय हासिल करते हैं, तो वह शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी बन सकते हैं.