CR Park Durga Puja 2026: कहीं वंदे मातरम तो कहीं जूट की विरासत, दिल्ली के ये पंडाल जरूर देखें

दिल्ली के CR Park में 2026 की दुर्गा पूजा के लिए कई खास थीम वाले पंडाल तैयार किए जा रहे हैं. GK 2 में 150 Years of Vande Mataram, Co-operative Ground में बंगाल की जूट विरासत और Alaknanda में Sahaj Path थीम आकर्षण का केंद्र रहेगी.

Pinterest
Km Jaya

दिल्ली का चितरंजन पार्क यानी CR Park हर साल दुर्गा पूजा के दौरान मिनी कोलकाता में बदल जाता है. 2026 में भी यहां कई खास थीम पर पंडाल तैयार किए जा रहे हैं. इस बार कहीं देशभक्ति का रंग देखने को मिलेगा तो कहीं बंगाल की कला, संस्कृति और विरासत की झलक दिखाई देगी.

CR Park में घूमने की शुरुआत GK 2 Durgotsab के पंडाल से की जा सकती है. यहां इस साल की थीम '150 Years of Vande Mataram' रखी गई है. पंडाल में अबनिंद्रनाथ टैगोर की 'बंग माता' से जुड़े अलग-अलग कला रूप देखने को मिलेंगे. इसके साथ ही वंदे मातरम पर आधारित गीत, संगीत और नाटक जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.

लोगों के आकर्षण का केंद्र

GK 2 से करीब एक किलोमीटर दूर Co-operative Ground Durga Puja का पंडाल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा. अपने 51वें वर्ष में यह आयोजन बंगाल की समृद्ध जूट विरासत को थीम बना रहा है. पंडाल और उसमें बनाए जा रहे विभिन्न कला रूपों में जूट और बांस का इस्तेमाल किया जा रहा है. पंडाल का उद्घाटन 15 अक्टूबर को रामकृष्ण मिशन, नई दिल्ली के सचिव स्वामी सर्वलोकानंद द्वारा किया जाएगा.


CR Park में इसके अलावा B-Block Durga Puja, Navapalli यानी Pocket 40 Durga Puja, D-Block Durga Puja, Purbachal Durga Puja और Milan Samity Durga Puja भी घूमने लायक प्रमुख पंडाल हैं. यहां दुर्गा पूजा के साथ बंगाली संस्कृति और स्थानीय समुदाय की उत्सवी परंपरा देखने को मिलेगी.

क्या है इसका उद्देश्य?

CR Park से बाहर आसपास के इलाकों में पंडाल घूमने की योजना बना रहे लोगों के लिए Alaknanda का Katyayani Trust भी खास है. यहां इस साल प्रसिद्ध बंगाली प्राइमर 'Sahaj Path' को पंडाल की थीम बनाया गया है. आयोजकों के मुताबिक इसका उद्देश्य बंगाली भाषा और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है, खासकर उन प्रवासी बंगाली बच्चों के बीच जो अपनी भाषा और संस्कृति से धीरे-धीरे दूर हो रहे हैं.

Katyayani Trust की थीम के जरिए बंगाल के उस दौर और उसकी सांस्कृतिक विरासत को फिर से सामने लाने की कोशिश की जा रही है, जिसे समय के साथ लोग भूलते जा रहे हैं. पंडाल के जरिए पुरानी परंपराओं को याद करने के साथ उन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी दिया जाएगा.

मेट्रो सबसे सुविधाजनक विकल्प

CR Park की दुर्गा पूजा देखने के लिए मेट्रो सबसे सुविधाजनक विकल्पों में से एक है. CR Park के लिए Nehru Enclave Metro Station को नजदीकी स्टेशन बताया गया है, जो Magenta Line पर है. Greater Kailash Metro Station से भी CR Park के अलग-अलग पंडालों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है. दोनों स्टेशनों से संबंधित प्रवेश बिंदु के हिसाब से पंडालों तक पहुंचना आसान है. दुर्गा पूजा के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए मेट्रो से सफर करना सुविधाजनक विकल्प हो सकता है.