FIFA World Cup 2026: मेक्सिको ने द. कोरिया 1-0 से दी मात, बनी नॉकआउट में पहुंचने वाली पहली टीम
दक्षिण कोरिया पर मिली अहम जीत के साथ मेक्सिको ने नॉकआउट स्टेज में जगह पक्की करने वाली पहली टीम बन गई है. ग्रुप ए के मुकाबले में मेक्सिको ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराया.
नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है टूर्नामेंट वैसे-वैसे और रोचक होता जा रहा है. वर्ल्ड कप अपने शुरुआती चरण से ही रोमांच और बड़े उलटफेरों के लिए चर्चा में बना हुआ है. दुनिया की शीर्ष फुटबॉल टीमें खिताब की दौड़ में अपनी ताकत दिखा रही हैं, लेकिन इस बीच सह मेजबान मेक्सिको ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है जिसने उसे टूर्नामेंट की पहली बड़ी सफलता दिला दी. दक्षिण कोरिया पर मिली अहम जीत के साथ मेक्सिको ने नॉकआउट स्टेज में जगह पक्की करने वाली पहली टीम बन गई है.
ग्रुप ए के मुकाबले में मेक्सिको ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराया. इस जीत के साथ टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और छह अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है. इससे पहले मेक्सिको ने अपने पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की थी.
लुइस रोमो बने जीत के हीरो
मुकाबले का एकमात्र और निर्णायक गोल मिडफील्डर लुइस रोमो ने 50वें मिनट में किया. उनके इस गोल ने मैच का रुख बदल दिया और अंत तक यही बढ़त मेक्सिको की जीत का आधार बनी. रोमो के प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित किया कि बड़े मैचों में वह टीम के लिए कितने महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं.
Also Read
गोलकीपर ने बचाए टीम के गोल
दक्षिण कोरिया ने मैच के दौरान कई बार बराबरी का गोल करने की कोशिश की, लेकिन मेक्सिको के गोलकीपर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी प्रयासों को विफल कर दिया. उनके बेहतरीन बचावों की बदौलत टीम क्लीन शीट बनाए रखने में सफल रही.
ग्रुप ए की स्थिति
दो मुकाबलों के बाद मेक्सिको छह अंकों के साथ ग्रुप ए में पहले स्थान पर है. दक्षिण कोरिया तीन अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है. वहीं, चेक गणराज्य तीसरे और दक्षिण अफ्रीका चौथे स्थान पर है. ऐसे में मेक्सिको ने न केवल नॉकआउट में जगह बनाई है, बल्कि ग्रुप विजेता बनने की दिशा में भी मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं.
कोच की रणनीति आई काम
मैच से पहले मेक्सिको के मुख्य कोच जेवियर अगुइरे ने दक्षिण कोरिया के तेज जवाबी हमलों को लेकर सतर्क रहने की बात कही थी. उनकी रणनीति मैदान पर पूरी तरह सफल रही. टीम ने रक्षात्मक संतुलन बनाए रखा और विपक्ष को ज्यादा अवसर नहीं दिए.
आगे की चुनौती पर नजर
नॉकआउट में जगह पक्की करने के बाद अब मेक्सिको की नजर अपने विजयी अभियान को जारी रखने पर होगी. घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है और वह विश्व कप खिताब की दौड़ में खुद को एक मजबूत दावेदार के रूप में स्थापित कर चुकी है.