BRICS 2026

CSK में धोनी की हिस्सेदारी का खुलासा! 1 लाख शेयर की कीमत जानकर रह जाएंगे हैरान

महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स में हिस्सेदारी को लेकर नई जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट के अनुसार, उनके पास फ्रेंचाइज के एक लाख शेयर हैं, जिनकी कीमत 2 से 3 करोड़ रुपये बताई गई है.

ANI
Meenu Singh

महेंद्र सिंह धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का रिश्ता IPL के पहले सीजन से ही खास रहा है. अब फ्रेंचाइज में उनकी हिस्सेदारी को लेकर एक नई रिपोर्ट चर्चा में है. पहले ऐसी अटकलें थीं कि धोनी CSK में बड़ा हिस्सा खरीद सकते हैं. हालांकि, एक रिपोर्ट के मुताबिक तस्वीर कुछ अलग है. धोनी के पास फ्रेंचाइज की बड़ी हिस्सेदारी नहीं, बल्कि उसके एक लाख शेयर हैं. इन शेयरों की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये में बताई गई है.

धोनी के पास हैं एक लाख शेयर

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, धोनी के नाम CSK फ्रेंचाइज के एक लाख शेयर हैं. इनकी अनुमानित कीमत करीब 2 से 3 करोड़ रुपये बताई गई है. CSK के शेयर आम बाजार में खुले तौर पर उपलब्ध नहीं हैं और इन्हें ऑफ-मार्केट तरीके से खरीदा जा सकता है. ऐसे में धोनी की मौजूदगी फ्रेंचाइज में शेयरधारक के तौर पर है, न कि बड़ी हिस्सेदारी के मालिक के रूप में.

CSK की वैल्यू करीब 16,600 करोड़

रिपोर्ट में बताया गया है कि फ्रेंचाइज की कुल शेयर कैपिटल का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा पब्लिक के पास है. इस हिस्से की कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि बाकी हिस्सेदारी श्रीनिवासन परिवार के पास है. मौजूदा IPL टीमों की बाजार कीमत को देखते हुए CSK की औसत वैल्यू करीब 16,600 करोड़ रुपये आंकी गई है.


श्रीनिवासन से बातचीत पर स्थिति साफ नहीं

धोनी और सीएसके मालिक श्रीनिवासन के बीच हिस्सेदारी को लेकर कभी बातचीत हुई थी या नहीं, इस पर फ्रेंचाइज से जुड़े लोगों की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है. रिपोर्ट के मुताबिक, टीम के एक सदस्य को भी इस तरह की किसी चर्चा की जानकारी नहीं है. इसलिए धोनी के शेयरों के अलावा किसी बड़ी हिस्सेदारी की पुष्टि नहीं हुई है.

अमेरिका से लौटने के बाद नजरें अगले रोल पर

फिलहाल धोनी अमेरिका में हैं और उनके 22 सितंबर तक भारत लौटने की संभावना जताई जा रही है. इसके बाद चेन्नई का मैनेजमेंट बैठक कर नए हेड कोच के नाम पर फैसला कर सकता है. पिछले सीजन एक भी मैच नहीं खेलने वाले धोनी अगले आईपीएल में किस भूमिका में नजर आएंगे, इस पर भी फैंस की नजर रहेगी.