DC vs PBKS: मैदान पर बड़ा हादसा, लुंगी एनगिडी को लगी गंभीर चोट, बीच मैच में बुलानी पड़ी एम्बुलेंस; देखें वीडियो
दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच लुंगी एनगिडी को कैच लपकते समय लगी भयानक चोट. मैदान पर पहुंची एम्बुलेंस.
IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मैच खेला जा रहा है. पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने स्कोरबोर्ड पर 264 रन का विशाल स्कोर खडा कर दिया. इस शानदार स्कोर में सबसे बड़ा योगदान केएल राहुल की 152 रनों की नाबाद पारी का रहा. इस लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स ने अपने ओपनर्स प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की बदौलत धमाकेदार शुरुआत की. तीसरे ओवर में प्रियांश आर्य ने अक्षर पटेल के खिलाफ एक बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, तो गेंद हवा में काफी ऊपर चली गई. कैच लेने की इसी कोशिश में दिल्ली के गेंदबाज लुंगी एनगिडी को गंभीर चोट लग गई.
ऐसे हुए चोटिल
प्रियांशा आर्य ने ओवर की तीसरी गेंद को सीधे जमीन पर मारने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले से ठीक से नहीं लगी. गेंद हवा में ऊपर उछल गई. मिड-ऑफ पर खड़े लुंगी एनगिडी पीछे की ओर दौड़े और कैच लेने की कोशिश कर रहे थे. वह गेंद का सही अंदाजा नहीं लगा पाए. गेंद उनके ठीक पीछे गिरी और वे उसे पकड़ नहीं पाए. इस कोशिश में एनगिडी अपना संतुलन खो बैठे और पीछे की ओर गिर गए, जिससे उनका सिर जमीन पर जा लगा. एनगिडी तुरंत जमीन पर बेसुध होकर लेट गए. इसके बाद फिल्ड पर एंबुलेंस आई और उन्हें स्ट्रेचर पर ले जाया गया. हर टीम और उनके फैंस एनगिडी के स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.
265 रनों का विशाल लक्ष्य
दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत जोरदार रही.तीसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने पाथुम निसांका को आउट करके पंजाब को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद नीतीश राणा और केएल राहुल ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए दोहरी शतकीय साझेदारी की. केएल राहुल ने सिर्फ 45 गेंदों में शतक ठोक दिया. हालांकि, नीतीश राणा 91 रनों पर आउट हो गए और अपना शतक पूरा करने से बस कुछ ही रन पीछे रह गए.
दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. दोनों टीमों ने अपनी प्लेइंग XI में कोई बदलाव नहीं किया. पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि अगर उन्हें भी मौका मिलता, तो वे भी पहले गेंदबाज करना ही पसंद करते.