श्रीकांत ने की तीन बड़ी भविष्यवाणियां, IND vs SL टेस्ट सीरीज में छाए रहेंगे ये दो खिलाड़ी

कृष्णमाचारी श्रीकांत ने भारत और श्रीलंका टेस्ट सीरीज को लेकर तीन भविष्यवाणियां की हैं. उनके अनुसार शुभमन गिल सबसे ज्यादा रन बनाएंगे, मोहम्मद सिराज सबसे ज्यादा विकेट लेंगे और भारत सीरीज 1-0 से जीतेगा.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज शनिवार से शुरू होने जा रही है. सीरीज का पहला मुकाबला गॉल और दूसरा मैच कोलंबो में खेला जाएगा. यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है. भारतीय टीम शुभमन गिल की कप्तानी में श्रीलंका के खिलाफ मैदान में उतरेगी. भारत करीब नौ साल बाद श्रीलंका की धरती पर टेस्ट सीरीज खेलने जा रहा है.

भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली इस सीरीज को लेकर पूर्व भारतीय कप्तान और पूर्व चीफ सिलेक्टर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने तीन बड़ी भविष्यवाणियां की हैं. श्रीकांत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए वीडियो में बताया कि कौन बल्लेबाजी और गेंदबाजी में सबसे आगे रह सकता है और सीरीज का नतीजा क्या होगा.

सबसे ज्यादा रन कौन बनाएगा?

श्रीकांत के मुताबिक भारतीय कप्तान शुभमन गिल इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहेंगे. उन्होंने कहा कि टीम में केएल राहुल जैसे अनुभवी बल्लेबाज भी मौजूद हैं, लेकिन गिल उनसे आगे रहेंगे. गिल पहली बार बतौर कप्तान श्रीलंका में टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे. उन्होंने अब तक 41 टेस्ट मैचों में 2969 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 44.31 रहा है और उन्होंने 11 शतक तथा 8 अर्धशतक लगाए हैं.


सबसे ज्यादा विकेट किसके नाम?

सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज को लेकर श्रीकांत ने मोहम्मद सिराज पर भरोसा जताया है. उन्होंने कहा कि टीम में सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे तेज गेंदबाज हैं, लेकिन वह सिराज को चुनेंगे. श्रीलंका की परिस्थितियों में सिराज की गेंदबाजी भारतीय टीम के लिए अहम साबित हो सकती है.

श्रीकांत ने क्या की है भविष्यवाणी?

श्रीकांत ने सीरीज के नतीजे को लेकर भी भविष्यवाणी की है. उनके अनुसार भारत दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम करेगा. भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पिछली चार टेस्ट सीरीज जीती हैं. श्रीलंका ने आखिरी बार 2008 में भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीती थी.

पहले टेस्ट में भारतीय टीम तीन बाएं हाथ के स्पिनरों को मौका दे सकती है. कुलदीप यादव, रविंद्र जडेजा और मानव सुथार की गेंदबाजी में अलग-अलग खूबियां हैं. कुलदीप की कलाई की स्पिन, जडेजा की सटीक गेंदबाजी और सुथार की पारंपरिक बाएं हाथ की स्पिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों के सामने चुनौती पेश कर सकती है.