IND vs AFG सीरीज से तय होगा 2027 विश्व कप का रोडमैप, 'X-Factor' साबित हो सकते हैं ये खिलाड़ी
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला सिर्फ एक और मैच नहीं, बल्कि भारतीय टीम के लिए भविष्य की तैयारी का अहम पड़ाव भी है. क्योंकि इस सीरीज से टीम मैनेजमेंट की नजर 2027 वनडे विश्व कप के लिए सही कॉम्बिनेशन तलाशने पर टिकी हुई है.
लखनऊ: अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला सिर्फ एक और मैच नहीं, बल्कि भारतीय टीम के लिए भविष्य की तैयारी का अहम पड़ाव भी है. लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाले इस मैच पर जहां सीरीज जीत का दांव लगा है, वहीं टीम प्रबंधन की नजर 2027 वनडे विश्व कप के लिए सही संयोजन तलाशने पर भी टिकी हुई है. ऐसे में कुछ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और उनमें सबसे प्रमुख नाम केएल राहुल का है.
शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने पहले वनडे में शानदार जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी. अब टीम की कोशिश दूसरे मुकाबले में जीत हासिल कर सीरीज अपने नाम करने की होगी. हालांकि चयनकर्ताओं और कोचिंग स्टाफ के लिए यह मुकाबला खिलाड़ियों की भूमिकाओं और भविष्य की योजनाओं का आकलन करने का भी अवसर है.
विश्व कप की तैयारी में अहम कड़ी
भारतीय टीम 2027 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए अपने संभावित कॉम्बिनेशन पर काम कर रही है. कुछ स्थापित खिलाड़ियों को छोड़ दें तो अभी कई स्थानों पर बोर्ड की निगाहें टिकी हुई हैं. ऐसे में हर मैच खिलाड़ियों के लिए अपनी उपयोगिता साबित करने का मौका बन गया है. क्योंकि कई खिलाड़ियों के बीच आगामी विश्व कप में जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा भी चल रही है.
Also Read
- 38 साल की उम्र में मेस्सी ने रचा इतिहास, विश्व कप में छठी बार खेलते हुए लगाई हैट्रिक; एक के बाद तोड़े कई रिकॉर्ड
- 'मेरी आंखों में आंसू आ गए...' विश्व कप के 200वें मैच पर हैट्रिक, पहले Goal के बाद क्यों छलके मेस्सी के आंसू
- IND vs AFG Live Updates, 2nd ODI: मिशन सीरीज फतह... लखनऊ में होगी कांटे की टक्कर, 2-0 से सीरीज पर कब्जे का इरादा
केएल राहुल क्यों हैं खास?
केएल राहुल ने पिछले कुछ सालों में खुद को सिर्फ शीर्ष क्रम के बल्लेबाज तक सीमित नहीं रखा है. उन्होंने मध्यक्रम में भी शानदार प्रदर्शन कर टीम के लिए एक भरोसेमंद विकल्प के रूप में पहचान बनाई है. खासकर नंबर पांच पर बल्लेबाजी करते हुए राहुल ने कई मौकों पर टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला है.
उनकी सबसे बड़ी ताकत परिस्थिति के अनुसार खेल को ढालने की क्षमता है. जरूरत पड़ने पर वह पारी को संभाल सकते हैं और मैच के अंत में वह तेजी से रन भी बनाने की क्षमता रखते हैं. यही गुण उन्हें भारतीय वनडे टीम का बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी बनाता है.
शानदार फॉर्म में हैं राहुल
हालिया मुकाबलों में राहुल का प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा है. अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में उन्होंने शतक जमाया था, जबकि पहले वनडे में तेज-तर्रार अंदाज में नाबाद 39 रन बनाकर भारत की जीत आसान कर दी थी. उनकी यह फॉर्म टीम के लिए राहत की बात है.
अफगानिस्तान को हल्के में नहीं ले सकता भारत
पहले मैच में हार के बावजूद अफगानिस्तान ने अपनी क्षमता दिखाई थी. रहमानुल्लाह गुरबाज की विस्फोटक शतकीय पारी ने भारतीय गेंदबाजों को चुनौती दी थी. यही कारण है कि दूसरा मुकाबला महज औपचारिकता नहीं होगा.
भारत को जीत के लिए पूरी ताकत के साथ उतरना होगा, जबकि अफगानिस्तान सीरीज में वापसी की उम्मीद लेकर मैदान में उतरेगा. ऐसे में लखनऊ का मुकाबला सिर्फ सीरीज का परिणाम तय नहीं करेगा, बल्कि भारत के विश्व कप रोडमैप की दिशा भी स्पष्ट कर सकता है.