menu-icon
India Daily

KKR या RR? IPL 2027 में हार्दिक किस टीम के बनेंगे कप्तान, पांड्या को ट्रेड करने के लिए टीम में होड़...

सूत्रों के अनुसार, दो ट्रॉफी विजेता टीम हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या को अपने साथ जुड़ने का प्रस्ताव रख रही है. बता दें ये सीजन मुंबई इंडियंस के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
KKR या RR? IPL 2027 में हार्दिक किस टीम के बनेंगे कप्तान, पांड्या को ट्रेड करने के लिए टीम में होड़...
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या एक बार फिर IPL की सबसे बड़ी चर्चाओं में शामिल हो गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आगामी सीजन से पहले उनके फ्रेंचाइजी बदलने की अटकलें तेज हो गई हैं. पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को हार्दिक के संभावित ट्रांसफर को लेकर दो प्रमुख फ्रेंचाइजियों से प्रस्ताव मिलने की खबर सामने आई है, जिससे IPL जगत में हलचल बढ़ गई है.

सूत्रों के अनुसार, दो ट्रॉफी विजेता टीम हार्दिक को अपने साथ जुड़ने का प्रस्ताव रख रही है. बता दें ये सीजन मुंबई इंडियंस के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है. टीम इस सीजन 14 मैच में से महज 4 मैच ही जीतने में सफल रह सकी. बाकि के दस मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा.

इन 2 टीम ने दिखाई दिलचस्पी

हार्दिक पांड्या क्रिकेट जगत का ऐसा नाम हैं जिन्हें हर टीम अपने साथ जोड़ने का प्रयास करती है. हार्दिक एक मैच विनर खिलाड़ी हैं जोकि अपने हरफनमौला प्रदर्शन और नेतृत्व से किसी भी पल मैच का रुख पलटने का दम रखते हैं. जिस कारण भले ही ये आईपीएल सीजन हार्दिक के अनुकूल न गया हो लेकिन  उसके बाद भी कई फ्रेंचाइजी उन्हें अपने साथ जोड़ना चाहती है. 

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और राजस्थान रॉयल्स ने हार्दिक पांड्या को अपने साथ जोड़ने में रुचि दिखाई है. बताया जा रहा है कि केकेआर और मुंबई इंडियंस के शीर्ष प्रबंधन के बीच इस विषय पर कई दौर की बातचीत भी हो चुकी है. हालांकि अभी तक किसी भी समझौते को अंतिम रूप नहीं दिया गया है.

केकेआर की नजर हार्दिक पर

जानकारी के मुताबिक, केकेआर लंबे समय से हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में शामिल करना चाहता है. फ्रेंचाइजी को लगता है कि टीम को एक अनुभवी भारतीय कप्तान की जरूरत है. अजिंक्य रहाणे को केवल अल्पकालिक विकल्प माना जा रहा था और उनके भविष्य को लेकर पहले से ही सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में हार्दिक के आने पर कप्तानी की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी जा सकती है.

मुंबई और केकेआर के बीच हुई कई बातचीत

रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पिछले सीजन के बाद भी दोनों फ्रेंचाइजियों के बीच संपर्क हुआ था, लेकिन उस समय मामला आगे नहीं बढ़ सका. अब एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच चर्चा शुरू हुई है. हालांकि यह साफ नहीं है कि संभावित सौदा पूरी तरह नकद होगा या किसी खिलाड़ी की अदला-बदली के रूप में पूरा किया जाएगा.

राजस्थान रॉयल्स का भी प्रस्ताव

मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स की ओर से भी एक प्रस्ताव मिलने की चर्चा है. खबरों के अनुसार, इस बातचीत में यशस्वी जायसवाल का नाम भी सामने आया है. हालांकि इस डील की स्थिति को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है और बातचीत किस स्तर तक पहुंची है, यह भी तय नहीं माना जा रहा.