menu-icon
India Daily

श्री चरानी का धमका! डेब्यू के एक साल बाद ही हासिल की ये बड़ी उपलब्धि

ताजा आईसीसी रैंकिंग के अनुसार गेंदबाज श्री चरानी T20I क्रिकेट में दुनिया की नंबर 1 गेंदबाज बन गई हैं. लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ICC रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
श्री चरानी का धमका! डेब्यू के एक साल बाद ही हासिल की ये बड़ी उपलब्धि
Courtesy: X (@CricCrazyJohns)

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट मौजूदा समय में टी20 विश्व कप में अपनी हिस्सेदारी पेश कर रही है. इस दौरान भारतीय टीम को एक नई स्टार मिल गई है. वो स्टार खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि भारत की युवा गेंदबाज श्री चरानी हैं जोकि महिला टी20 विश्व कप 2026 में अपनी शानदार गेंदबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित कर रही हैं. ताजा आईसीसी रैंकिंग के अनुसार वह T20I क्रिकेट में दुनिया की नंबर 1 गेंदबाज बन गई हैं. लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ICC रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया, बता दें उन्होंने भारत के लिए साल भर पहले ही डेब्यू किया था.

इंग्लैंड में खेले जा रहे महिला टी20 विश्व कप के दौरान श्री चरानी ने अपनी सटीक गेंदबाजी और विकेट लेने की क्षमता से प्रभावित किया. तीन मैचों में 10 विकेट लेकर उन्होंने न सिर्फ टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज का स्थान हासिल किया, बल्कि रैंकिंग में भी लंबी छलांग लगाकर शीर्ष पर पहुंच गईं. उनके शानदार प्रदर्शन के चलते इंग्लैंड की गेंदबाज लिन्से स्मिथ को नंबर 1 स्थान गंवाना पड़ा.

विश्व कप में दिखाया दमदार प्रदर्शन

श्री चरानी इस विश्व कप में भारत की सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल रही हैं. उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत शानदार गेंदबाजी के साथ की और शुरुआती मुकाबले में तीन विकेट हासिल किए. इसके बाद नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में चार विकेट लेकर टीम की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी उन्होंने तीन विकेट चटकाए और अपनी निरंतरता साबित की.

रिकॉर्ड की बराबरी करने में सफल

चरानी ने इस टूर्नामेंट में 10 विकेट लेकर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया. उन्होंने महिला टी20 विश्व कप के एक संस्करण में किसी भारतीय गेंदबाज द्वारा लिए गए सर्वाधिक विकेटों के रिकॉर्ड की बराबरी की. इससे पहले यह उपलब्धि पूनम यादव ने 2020 विश्व कप में हासिल की थी.

रैंकिंग में कई बड़े बदलाव

ICC की नई टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन देखने को मिले हैं. इंग्लैंड की चार्ली डीन को फायदा हुआ और वह दूसरे स्थान पर पहुंच गईं, जबकि लिन्से स्मिथ तीसरे स्थान पर खिसक गईं. इसके अलावा सोफी एक्लेस्टोन और पाकिस्तान की सादिया इकबाल ने भी रैंकिंग में सुधार किया है.