DC vs KKR: फिन एलन की आंधी में उड़ गई दिल्ली, कोलकाता ने 8 विकेट से रौंदा

आईपीएल 2026 के 51वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 8 विकेट से हरा दिया है. DC ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 142 रन बनाए. इसके जवाब में कोलकाता ने दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया.

X/@IPL
Kanhaiya Kumar Jha

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हरा दिया. 143 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता ने केवल 14.2 ओवर में मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस जीत के सबसे बड़े हीरो फिन एलन रहे, जिन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद शतक जड़ा. कोलकाता की लगातार चौथी जीत ने टीम के आत्मविश्वास को नई मजबूती दी है.

कोलकाता नाइट राइडर्स की जीत के हीरो फिन एलन रहे, जिन्होंने सिर्फ 47 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए. अपनी पारी में एलन ने 10 छक्के और 5 चौके लगाए. दिल्ली के गेंदबाज उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए. एलन ने मैदान के हर हिस्से में रन बटोरे और मैच को एकतरफा बना दिया.

शुरुआती झटकों के बाद संभली KKR

रनचेज के दौरान कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही. कप्तान अजिंक्य रहाणे 13 रन बनाकर रन आउट हो गए. इसके बाद अंगकृष रघुवंशी भी सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. एक समय टीम का स्कोर 31 रन पर 2 विकेट था. हालांकि इसके बाद फिन एलन और कैमरन ग्रीन ने मोर्चा संभाला और दिल्ली को वापसी का कोई मौका नहीं दिया. 

कैमरन ग्रीन ने निभाई अहम भूमिका

फिन एलन के साथ कैमरन ग्रीन ने भी शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने नाबाद 33 रन बनाए और एलन का पूरा साथ दिया. ग्रीन ने अपनी पारी में दो शानदार छक्के लगाए. दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. दिल्ली के गेंदबाज विकेट के लिए संघर्ष करते नजर आए और कोलकाता ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया.

दिल्ली की बल्लेबाजी रही फीकी

दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 142 रन बनाए. टीम की शुरुआत अच्छी रही थी. केएल राहुल और पथुम निसंका ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े. राहुल 23 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद दिल्ली की पारी लड़खड़ा गई. नीतीश राणा और सलीम रिजवी भी ज्यादा देर टिक नहीं सके. लगातार विकेट गिरने से टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई.

अंक तालिका में KKR को फायदा

इस जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स के 9 अंक हो गए हैं. टीम ने अब तक 10 मुकाबलों में 4 जीत दर्ज की है. दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स की स्थिति और मुश्किल हो गई है. दिल्ली ने 11 मैचों में सिर्फ 4 जीत हासिल की है और उसके 8 अंक हैं. लगातार हार के चलते दिल्ली की प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है.