श्रीलंका के छूटे पसीने, टीम इंडिया में अचानक हुई इस खूंखार मैच विनर की एंट्री; अकेले दम पर पलट देगा पूरी सीरीज
झारखंड के स्पिन ऑलराउंडर अनुकूल रॉय को अचानक इंडिया-ए टीम में मौका मिला है. श्रीलंका में होने वाली ट्राई सीरीज में वह हर्ष दुबे की जगह खेलेंगे और शानदार प्रदर्शन से सीनियर टीम के दरवाजे खटखटाना चाहेंगे.
भारतीय क्रिकेट में लगातार नए चेहरों को मौके मिल रहे हैं. इन्हीं चेहरों में अब झारखंड के अनुकूल रॉय चर्चा में हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले इस स्पिन ऑलराउंडर को श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया-ए टीम में शामिल किया गया है. यह मौका उनके लिए बेहद खास माना जा रहा है. पिछले कुछ महीनों में उन्होंने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल दोनों में दमदार प्रदर्शन किया है. अब दाम्बुला में होने वाली ट्राई सीरीज उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ साबित हो सकती है.
अचानक मिला बड़ा मौका
अनुकूल रॉय की इंडिया-ए टीम में एंट्री ने घरेलू क्रिकेट फैंस को उत्साहित कर दिया है. चयनकर्ताओं ने उन्हें हर्ष दुबे की जगह टीम में शामिल किया है. हर्ष को अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की सीनियर टेस्ट और वनडे टीम में मौका मिला है. भारत-ए, श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए के बीच होने वाली यह ट्राई सीरीज 9 जून से शुरू होगी. टीम की कप्तानी तिलक वर्मा करेंगे. वहीं उप-कप्तान की जिम्मेदारी रियान पराग को सौंपी गई है.
आईपीएल 2026 ने बदल दी किस्मत
कोलकाता के लिए खेलते हुए अनुकूल रॉय ने इस सीजन में खुद को एक भरोसेमंद ऑलराउंडर साबित किया. टीम में पहले से मौजूद अनुभवी स्पिनर सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती के बीच अपनी जगह बनाना आसान नहीं था लेकिन अनुकूल ने लगातार अच्छा प्रदर्शन करके सबका ध्यान खींचा. मौजूदा सीजन में उन्होंने 13 मैचों में 8 विकेट लिए और कई मुकाबलों में मिडिल ओवर में टीम को अहम ब्रेकथ्रू दिलाए. उनकी कसी हुई गेंदबाजी ने केकेआर के स्पिन अटैक को और मजबूत बनाया.
घरेलू क्रिकेट में भी रहा शानदार रिकॉर्ड
आईपीएल से पहले भी अनुकूल रॉय घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे. झारखंड के लिए खेलते हुए उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार जीता. उनकी गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी क्षमता भी टीम के लिए फायदेमंद साबित हुई.