'अगर जीतना है तो छोड़ देनी चाहिए आरसीबी', IPL ट्रॉफी के लिए पीटरसन ने दी कोहली को नसीहत, बताया किस टीम से खेलें टूर्नामेंट

Kevin Pieterson Unique Suggestion: विराट कोहली का बल्ला भले ही लगातार रन बरसाता हो, लेकिन आईपीएल ट्रॉफी उनके हाथ अभी तक नहीं आई है. आईपीएल 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) एलिमिनेटर में हारकर बाहर हो गया, जिसके साथ ही टीम 17 सालों से चली आ रही ट्रॉफी के खालीपन का सिलसिला बरकरार रहा.

India Daily Live

Kevin Pieterson Unique Suggestion: विराट कोहली का बल्ला क्रिकेट के मैदान पर रनों की बरसात करता है, मगर आईपीएल ट्रॉफी उनके हाथ लगना बाकी है. भारत में खेले जा रहे आईपीएल 2024 में उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) एलिमिनेटर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई है और इस हार के साथ ही RCB के लिए 17 सालों से चल रहा ट्रॉफी का इंतजार और लंबा हो गया है.

टीम के प्रदर्शन में भले ही उतार-चढ़ाव आते रहे हों, मगर कोहली एक चट्टान की तरह निरंतर बल्लेबाजी करते रहे हैं. 35 साल की उम्र में वो आईपीएल इतिहास के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उनके नाम 8004 रन दर्ज हैं, जिन्हें उन्होंने 38.66 की औसत और 131.97 की स्ट्राइक रेट से ठोका है.

चैंपियन बनने के लिए महान खिलाड़ियों ने बदली है टीम

कोहली के इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद, उनकी टीम को आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी उठाने का सुख अभी तक नसीब नहीं हुआ है. इस पर दिग्गज इंग्लिश क्रिकेटर केविन पीटरसन ने अपनी राय रखी. 

स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मैंने पहले भी कहा है और अब दोहराता हूं - दूसरे खेलों में भी महान खिलाड़ियों ने चैंपियन बनने के लिए अपनी टीमों को बदला है. कोहली ने कितनी मेहनत की है, ये सब जानते हैं. उन्होंने फिर से ऑरेंज कैप जीती है, शानदार बल्लेबाजी की है, फिर भी टीम हार गई. मैं समझता हूं कि वो RCB के ब्रांड और उनकी कमर्शियल वैल्यू के लिए कितने अहम हैं. लेकिन विराट कोहली एक ट्रॉफी के हकदार हैं. वो ऐसी टीम में खेलने के हकदार हैं जो उन्हें चैंपियन बनाने में मदद करे.'

कोहली को खिताब के लिए बदलनी चाहिए टीम

पीटरसन ने अपनी बात को मजबूत करने के लिए फुटबॉल का उदाहरण दिया. उन्होंने बताया कि किस तरह कई स्टार खिलाड़ियों ने ट्रॉफी जीतने के लिए अपने क्लब बदले हैं. 

उनके शब्दों में, 'मुझे लगता है कि विराट कोहली को इस बारे में गंभीरता से सोचने का वक्त आ गया है. डेविड बेकह्म गए, क्रिस्टियानो रोनाल्डो गए, लियोनेल मेसी गए, हाल ही में हैरी केन ने टोटेनहैम छोड़कर बायर्न म्यूनिख का रुख किया.'

जानें किस टीम में जाने की नसीहत दे रहे हैं पीटरसन

दिलचस्प बात ये है कि पीटरसन ने कोहली को एक ट्रॉफी विहीन फ्रेंचाइजी से दूसरी ट्रॉफी विहीन फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स में जाने का सुझाव दिया है. कोहली के फैसले पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं. क्या वो अपनी पुरानी टीम के साथ बने रहेंगे, या फिर किसी नई टीम के साथ नई शुरुआत करेंगे? वक्त ही बताएगा कि भविष्य में कोहली को आईपीएल ट्रॉफी उठाने का सपना पूरा होता है या नहीं.

उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि दिल्ली कैपिटल्स विराट के लिए उपयुक्त जगह हो सकती है. वहां जाकर वो ज्यादातर समय अपने घर पर भी रह सकते हैं. मुझे पता है कि दिल्ली में उनका अपना घर है और उनका एक छोटा परिवार भी है. इस तरह वो अपने परिवार के साथ ज्यादा वक्त बिता पाएंगे. वैसे भी वो मूल रूप से दिल्ली के ही रहने वाले हैं. तो फिर वो वापसी क्यों नहीं कर सकते? दिल्ली भी ट्रॉफी के लिए उतनी ही बेताब है, जितना बेंगलोर.'