जोस बटलर ने किया हिटमैन का रिकॉर्ड ध्वस्त, श्रीलंका की गेंदाबाजी की तहस-नहस; 80 रन ठोककर रचा इतिहास

जोस बटलर ने श्रीलंका के खिलाफ 80 रनों की पारी खेलकर टी20 इंटरनेशनल में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया. बटलर अब सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं.

X
Meenu Singh

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर ने एक बार फिर अपने बल्ले की ताकत दिखाई है. साउथम्पटन में श्रीलंका के खिलाफ पहले T20 मुकाबले में उन्होंने केवल रन ही नहीं बनाए, बल्कि टी20 इंटरनेशनल के रिकॉर्ड में भी बड़ा बदलाव कर दिया. बटलर ने 80 रनों की तेजतर्रार पारी खेलते हुए भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया. अब इस फॉर्मेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में बटलर दूसरे पायदान पर पहुंच चुके हैं.

रोहित शर्मा को छोड़ा पीछे

श्रीलंका के खिलाफ खेली गई 80 रनों की पारी के बाद बटलर के टी20 इंटरनेशनल में कुल 4292 रन हो गए हैं. इसी के साथ उन्होंने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड पीछे कर दिया, जिनके नाम इस फॉर्मेट में 4231 रन हैं. पाकिस्तान के बाबर आजम अभी 4596 रन के साथ सूची में सबसे ऊपर हैं. बटलर और बाबर के बीच अब 304 रनों का अंतर रह गया है.

ब्रूक ने भी मचाया धमाल

इंग्लैंड की पारी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और टीम को जल्दी पहला झटका लगा. हालांकि इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक और बटलर ने मोर्चा संभाल लिया. ब्रूक ने सिर्फ 49 गेंदों पर नाबाद 114 रन ठोक दिए. दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 60 गेंदों में 128 रन जोड़े. इस साझेदारी ने इंग्लैंड को 254 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया.


श्रीलंका की पारी 135 पर सिमटी

255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. लगातार विकेट गिरने के कारण उसकी पारी संभल नहीं सकी. पूरी टीम 135 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. दुनिथ वेल्लालागे ने 33 रन बनाकर अपनी टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेली. इंग्लैंड ने इस मुकाबले को 119 रन से जीतकर शानदार शुरुआत की.

ब्रूक ने बटलर की तारीफ की

मुकाबला खत्म होने के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने बटलर की बल्लेबाजी की सराहना की. उन्होंने कहा कि बटलर के साथ क्रीज पर बल्लेबाजी करना हमेशा शानदार रहता है. ब्रूक ने यह भी बताया कि टीम ने विकेटों के बीच तेजी से रन लेने और अतिरिक्त रन हासिल करने पर काफी काम किया था. मुकाबले में दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी के दौरान इसका असर साफ दिखाई दिया.