T20 World Cup 2026

SMAT Final 2025: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी पर झारखंड का कब्जा, हरियाणा को फाइनल में हराकर रचा इतिहास

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला झारखंड और हरियाणा के बीच महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में झारखंड ने हरियाणा को हराकर खिताब पर कब्जा किया. 

@KumarNiraj__ X account
Anuj

पुणे: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला झारखंड और हरियाणा के बीच महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में झारखंड ने हरियाणा को हराकर खिताब पर कब्जा किया. ईशान किशन के नेतृत्व में झारखंड ने हरियाणा को 69 रन से हराकर इतिहास रच दिया.

ईशान किशान की कप्तानी पारी

इस मैच में हरियाणा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. झारखंड ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 262 रन बनाए हैं. टीम की तरफ से कप्तान ईशान किशन ने तूफानी शतकीय पारी खेली. ईशान किशन ने 49 गेंदों पर 101 रनों की कप्तानी पारी खेली.

इस दौरान उन्होंने 10 छक्के और 6 चौके लगाए. युवा बल्लेबाज कुशाग्र ने ईशान किशान का अच्छा साथ निभाया. ईशान किशन और कुमार कुशाग्र ने दूसरे विकेट के लिए 177 रनों की जबरदस्त साझेदारी की. यह टूर्नामेंट के फाइनल में सबसे बड़ी साझेदारी है. कुमार कुशाग्र ने 38 गेंद में 81 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल थे.

हरियाणा की शुरूआत बेहद खराब रही

वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की शुरूआत बेहद खराब रही. पहले ही ओवर में हरियाणा के दो बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे. यशवर्धन दलाल ने अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए. उन्होंने टीम को जीताने का पूरा प्रयास किया. यशवर्धन दलाल ने 22 गेंदों पर 53 रनों की शानदार पारी खेली. उनके अलावा दूसरा कोई भी बल्लेबाज ऐसी पारी खेलने में कामयाब नहीं हो सका. झारखंड के लिए बाल कृष्णा और सुशांत मिश्रा ने 3-3 विकेट लिए. अनुकूल रॉय और विकास सिंह ने 2-2 विकेट चटकाए.

ईशान किशन ने बनाए सर्वाधिक रन

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में ईशान किशन सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने. उन्होंने 10 पारियों में कुल 517 रन बनाए. उनका औसत 57.44 और स्ट्राइक रेट 197.32 रहा. इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 2 अर्धशतक लगाए और कुल 33 छक्के व 51 चौके जड़े. ईशान किशन ने एक सीजन में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड भी तोड़ा, जिससे उनका प्रदर्शन और भी यादगार बन गया. ईशान किशन की यह धमाकेदार पारी और कप्तानी झारखंड के लिए फाइनल में अहम साबित हुई.