IND VS AFG: जसप्रीत बुमराह का धमाकेदार कमबैक, पहली ही ओवर में रच दिया इतिहास
जसप्रीत बुमराह ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में शानदार वापसी की. मैच की दूसरी गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट करते ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में 350 विकेट पूरे कर बड़ा मुकाम हासिल किया.
Bumrah's Record T20 Comeback : अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच पहले टी20 मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने अपनी वापसी को यादगार बना दिया. टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी चुनी और बुमराह ने दूसरी ही गेंद पर विकेट लेकर टी20 क्रिकेट में 350 विकेट पूरे कर लिए.
दूसरी गेंद पर गुरबाज का शिकार
बुमराह ने मैच के शुरुआती ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर टी20 क्रिकेट में 350 विकेट का आंकड़ा छू लिया. वह इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले भारत के केवल तीसरे गेंदबाज हैं. उनसे पहले युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार ऐसा कर चुके हैं. चोट के बाद बुमराह लंबे समय बाद भारतीय टी20 टीम में लौटे हैं. उन्होंने इससे पहले अपना आखिरी टी20 मुकाबला 8 मार्च 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था. वापसी के बाद उनकी पहली ही गेंदों में पुरानी तेजी और सटीकता देखने को मिली.
संजू सैमसन को मिली ओपनिंग की जिम्मेदारी
भारत ने इस मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की जगह संजू सैमसन को चुना. संजू, अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कर रहे हैं. वहीं प्रैक्टिस के दौरान चोट लगने के कारण ईशान किशन के खेलने पर सवाल थे लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया. तिलक वर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर पर मध्यक्रम की जिम्मेदारी है. टीम ने नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे और अक्षर पटेल के रूप में तीन ऑलराउंडर भी उतारे हैं.
Also Read
अर्शदीप के साथ बुमराह संभाल रहे तेज गेंदबाजी
भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में बुमराह का साथ अर्शदीप सिंह दे रहे हैं. स्पिन विभाग की जिम्मेदारी वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल पर है. ऐसे में भारत के पास तेज गेंदबाजी और स्पिन का संतुलित विकल्प मौजूद है. बुमराह की वापसी टीम के लिए इसलिए भी अहम है क्योंकि वह लंबे समय से टी20 टीम से बाहर थे. अफगानिस्तान के खिलाफ पहली ही गेंदों में विकेट मिलने से उनकी वापसी का असर साफ दिखा.