IPL में हो सकता है बड़ा बदलाव! सितंबर अक्टूबर में खेली जा सकती है लीग, मैचों की संख्या भी बढ़ने के संकेत
खबर आ रही है कि IPL में आने वाले सालों में एक बड़े बदलाव की ओर हो सकता है. दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग अब सिर्फ गर्मियों तक सीमित नहीं रह सकती, क्योंकि BCCI IPL को दो अलग-अलग विंडो में आयोजित करने पर विचार कर रहा है.
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग दुनिया के सबसे लोकप्रिय टी20 लीग में से एक है. क्रिकेट के दीवाने साल भर इस लीग का इंतजार करते हैं. लीग में पाकिस्तान को छोड़कर दुनिया के क्रिकेटर खेलते दिखाई देते हैं. लीग को दिन प्रति दिन और रोचक बनाने के लिए इसमें लगातार बदलाव किए जाते हैं. इसी बीच अब खबर आ रही है कि IPL में आने वाले सालों में एक बड़े बदलाव की ओर हो सकता है.
दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग अब सिर्फ गर्मियों तक सीमित नहीं रह सकती, क्योंकि बीसीसीआई आईपीएल को दो अलग-अलग विंडो में आयोजित करने पर विचार कर रहा है. इतना ही नहीं, टूर्नामेंट में मैचों की संख्या बढ़ाने की योजना भी बनाई जा रही है, जिससे फैंस को और ज्यादा रोमांच देखने को मिल सकता है.
सितंबर-अक्टूबर की विंडो में होंगे IPL!
IPL 2026 के बीच ही IPL अध्यक्ष अरुण धूमल ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में लीग को सितंबर-अक्टूबर विंडो के दौरान भी आयोजित किया जा सकता है. इसके पीछे बड़ा कारण टूर्नामेंट का विस्तार और सभी टीमों को बराबर घरेलू और बाहरी मैच खेलने का मौका देना बताया जा रहा है. फिलहाल IPL में 74 मैच खेले जाते हैं, लेकिन 2028 से इसे बढ़ाकर 94 मैच करने पर चर्चा चल रही है.
क्यों बढ़ाई जा सकती है मैचों की संख्या?
अभी IPL की 10 टीमें सभी टीमों के खिलाफ दो-दो मैच नहीं खेलती हैं. मौजूदा फॉर्मेट में कुछ टीमों से दो बार और कुछ से एक बार मुकाबला होता है. लेकिन BCCI चाहती है कि हर टीम बाकी नौ टीमों के खिलाफ घर और बाहर दोनों जगह खेले. ऐसा होने पर टूर्नामेंट में कुल 94 मैच हो जाएंगे.
अरुण धूमल ने कहा कि लॉजिस्टिक और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शेड्यूल की वजह से अभी ऐसा संभव नहीं हो पाया है, लेकिन भविष्य में अतिरिक्त समय मिलने पर इस मॉडल को लागू किया जा सकता है.
सितंबर-अक्टूबर विंडो क्यों है खास?
धूमल के मुताबिक, प्रसारकों की तरफ से सुझाव मिला है कि टूर्नामेंट का एक हिस्सा सितंबर-अक्टूबर में कराया जा सकता है. यह समय दिवाली के आसपास होता है, इसलिए विज्ञापन और दर्शकों के लिहाज से काफी फायदेमंद माना जा रहा है.
इसके अलावा मई की तेज गर्मी भी एक बड़ी चुनौती बन रही है. ऐसे में BCCI फरवरी-अप्रैल और साल के आखिर में संभावित विंडो तलाश रही है.
दर्शकों की संख्या को लेकर क्या बोले धूमल?
हाल ही में IPL की टीवी दर्शकों की संख्या घटने की खबरें सामने आई थीं, लेकिन अरुण धूमल ने इन्हें गलत बताया. उन्होंने कहा कि डिजिटल और क्षेत्रीय प्लेटफॉर्म की वजह से कुल दर्शकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है और प्रसारक इस सीजन के प्रदर्शन से काफी संतुष्ट हैं.
और पढ़ें
- क्या PBKS से श्रेयर अय्यर का हो गया मोहभंग, लगातार 6 हार के बाद पंजाब का दामन छोड़ेंगे सरपंच?
- SRH vs RR, Eliminator: मैच से पहले कमिंस हुए अलर्ट! वैभव के खिलाफ तैयार किए 3 प्लान, मुल्लांपुर में होगी क्वालिफायर 2 की जंग
- 'माही फैंस' के लिए खुशखबरी...! कैप्टन कूल की वापसी का रास्ता साफ! CSK CEO का इमोशनल बयान आया सामने