एशिया के किंग बने कोहली, पाकिस्तानी खिलाड़ी का 'विराट' रिकॉर्ड किया ध्वस्त
विराट कोहली ने टी20 फॉर्मेट में 105 अर्धशतक और 9 शतक लगाए. उनकी निरंतरता और फिनिशिंग क्षमता उन्हें इस फॉर्मेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शामिल करती है.
नई दिल्ली: आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया. यह मुकाबला एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुआ, जहां दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
इस मैच में 29 रन बनाते ही विराट कोहली टी20 क्रिकेट में एशिया के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के अनुभवी खिलाड़ी शोएब मलिक के नाम दर्ज था. शोएब मलिक ने अपने टी20 करियर में 557 मैचों में 13,571 रन बनाए थे, जिसमें उनका औसत 35.99 और स्ट्राइक रेट 127.24 का रहा. उनके नाम 83 अर्धशतक दर्ज हैं.
टी20 क्रिकेट के किंग कोहली
टी20 क्रिकेट में कोहली के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 415 मैचों में 13,612 रन बना चुके हैं. इस दौरान विराट कोहली का औसत 41 से अधिक का रहा. टी20 फॉर्मेट में कोहली ने 134.67 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए. विराट कोहली ने 105 अर्धशतक और 9 शतक लगाए. उनकी निरंतरता और फिनिशिंग क्षमता उन्हें इस फॉर्मेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शामिल करती है.
विश्व में पहले नंबर पर गेल का नाम
टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम है. गेल ने 463 मैचों में 14,562 रन बनाए हैं और इस दौरान 22 शतक जड़े हैं. कोहली फिलहाल इस सूची में सातवें स्थान पर हैं और अगर उन्हें गेल को पीछे छोड़ना है तो अभी 1,020 रन और बनाने होंगे. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या कोहली इस अहम मुकाबले में रिकॉर्ड अपने नाम कर पाते हैं या नहीं. फिलहाल उनकी फॉर्म को देखते हुए फैंस को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद है.
आरसीबी की शानदार जीत
वहीं, मैच की बात करें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया. सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए है. आरसीबी ने विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की पारियों के दम पर आसानी से लक्ष्य को हासिल कर लिया.