IPL 2026: मुंबई इंडियंस के खिलाफ सुनील नरेन ने हासिल की खास उपलब्धि, पोलार्ड का रिकॉर्ड तोड़ा
सुनील नरेन ने एक खास उपलब्धि हासिल करते हुए कायरन पोलार्ड को पीछे छोड़ दिया. नरेन का यह आईपीएल करियर का 190वां मुकाबला है, जबकि पोलार्ड ने 189 मैच खेले थे.
नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हुआ. केकेआर के अनुभवी ऑलराउंडर सुनील नरेन ने प्लेइंग इलेवन में शामिल होते ही आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले विदेशी खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल कर लिया.
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. वहीं, कोलकाता की टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में सुनील नरेन को शामिल किया, जो टीम के लिए लंबे समय से अहम खिलाड़ी रहे हैं. नरेन ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत से ही केकेआर का प्रतिनिधित्व किया है और टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.
सुनील नरेन ने हासिल की खास उपलब्धि
इस मैच के साथ ही नरेन ने एक खास उपलब्धि हासिल करते हुए कायरन पोलार्ड को पीछे छोड़ दिया. नरेन का यह आईपीएल करियर का 190वां मुकाबला है, जबकि पोलार्ड ने 189 मैच खेले थे. इस सूची में तीसरे स्थान पर एबी डिविलियर्स और डेविड वॉर्नर संयुक्त रूप से 184-184 मैचों के साथ मौजूद हैं, जबकि ड्वेन ब्रावो 161 मैचों के साथ चौथे नंबर पर मौजूद है.
IPL में शानदार प्रदर्शन
सुनील नरेन का प्रदर्शन आईपीएल में हमेशा से संतुलित रहा है. उन्होंने गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी टीम के लिए योगदान दिया है. अब तक वह 192 विकेट हासिल कर चुके हैं और इस सीजन में उनके पास 200 विकेट का आंकड़ा छूने का सुनहरा मौका है. गेंदबाजी में उनका औसत 25.63 रहा है, जो उनकी निरंतरता को दर्शाता है.
टूर्नामेंट में बनाए 1700 से अधिक रन
बल्लेबाजी की बात करें तो नरेन ने कई मौकों पर टीम को तेज शुरुआत दिलाई है. उन्होंने अब तक 1700 से अधिक रन बनाए हैं और जरूरत पड़ने पर आक्रामक अंदाज में खेलते हुए मैच का रुख बदलने की क्षमता दिखाई है. ऐसे में इस सीजन भी उनसे टीम को बड़ी उम्मीदें हैं और वह अपने अनुभव से केकेआर को मजबूती प्रदान कर सकते हैं. कोलकाता की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए. कोलकाता के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सबसे ज्यादा 67 रन बनाए.