RR vs LSG: मार्श की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी पर भारी पड़ी वैभव की तूफानी पारी, राजस्थान ने लखनऊ को 'रॉयल' अंदाज में हराया

आईपीएल 2026 के 64वें मैच में राजस्थान ने लखनऊ को 7 विकेट से हरा दिया है. पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन राजस्थान ने इस लक्ष्य को वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी की बदौलत आसानी से चेज कर लिया.

X/@IPL
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: राजस्थान के सवाई मानसिंघ स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 64वें मैच में राजस्थान ने लखनऊ को 7 विकेट से हरा दिया है. पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन राजस्थान ने इस लक्ष्य को वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी की बदौलत आसानी से चेज कर लिया.

मैच में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. रियान पराग की अनुपस्थिति में टीम की कमान संभाल रहे यशस्वी जायसवाल का यह फैसला उस समय गलत साबित होता नजर आया, जब लखनऊ के बल्लेबाज़ों ने तूफानी अंदाज में पारी की शुरुआत की. मार्श ने 57 गेंदों में 96 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. जॉश इंग्लिश ने भी अपनी क्लास का परिचय देते हुए 29 गेंदों पर 60 रन कूट डाले. कप्तान ऋषभ की बल्लेबाजी में भी आज धार नजर आई और उन्होंने 23 गेंदों पर 35 रन बनाये. इस तरह लखनऊ की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.

राजस्थान की सधी हुई बल्लेबाजी

220 रनों के विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम ने आज बेजोड़ बल्लेबाजी का नजारा पेश किया. यशस्वी और सूर्यवंशी की जोड़ी ने लखनऊ के गेंदबाजों की पहली ओवर से ही खबर लेनी शुरू कर दी. दोनों की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के आगे कुछ समय बाद ही 220 रनों का टारगेट बौना नजर आने लगा. यशस्वी ने 23 गेंदों में 43 रनों की शानदार पारी खेली.

सवाई मानसिंह स्टेडियम में आया वैभव का तूफ़ान

मैच का असली टर्निंग पॉइंट वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी रही, जिन्होंने लखनऊ के गेंदबाज़ों की जमकर खबर ली और 38 गेंदों में 93 रन कूट डाले. वैभव की इसी तूफानी पारी ने लखनऊ से जीत छीन ली. वैभव शतक से जरूर चूक गए लेकिन उन्होंने राजस्थान की प्लेऑफ की उम्मीदों को अभी भी जिंदा रखा है.

लखनऊ के गेंदबाज़ों ने जमकर लुटाए रन 

इस मैच में एक बार फिर लखनऊ की टीम ने लचर गेंदबाज़ी का प्रदर्शन किया और जमकर रन लुटाए. मैच में जिस तरह से लखनऊ के गेंदबाज जमकर रन लुटाते रहे, उससे एक बार भी लखनऊ मैच में कही भी जीतती हुई नजर नहीं आई और पहली ओवर से राजस्थान ने इस मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली. लखनऊ पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर है, ऐसे में पंत ब्रिगेड के लिए ये सीजन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है.