IPL 2026

IPL 2026: स्लो ओवर रेट पर Pat Cummins पर 12 लाख का जुर्माना, Gujarat Titans ने SRH को 82 रन से रौंदा

IPL 2026 में स्लो ओवर रेट के कारण सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. गुजरात टाइटंस ने SRH को 82 रन से हराकर पॉइंट्स टेबल में टॉप स्थान हासिल किया.

BCCI
Dhiraj Kumar Dhillon

अहमदाबादः इ‌ंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पर स्लो ओवर रेट बनाए रखने के कारण बीसीसीआई ने 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह इस सीजन में उनका पहला अपराध था, इसलिए उन पर न्यूनतम जुर्माना लगाया गया है. हालांकि मैदान पर हैदराबाद के लिए मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं. गुजरात टाइटंस ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में SRH को 82 रन से करारी शिकस्त दी.

169 रन का लक्ष्य भी नहीं बना सकी हैदराबाद

गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए. जवाब में 169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद टीम की शुरूआत बेहद खराब रही. टॉप ऑर्डर के जल्दी आउट होने के बाद पूरी बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और टीम सिर्फ 86 रन पर ऑल आउट हो गई. गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन- तीन विकेट हासिल किए.

लगातार पांचवीं जीत के साथ टॉप पर पहुंची गुजरात

इस जीत के साथ शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई. हालांक‌ि टीम ने सीजन की शुरूआत खराब की थी, लेकिन जेसन होल्डर के नियमित रूप से टीम में शामिल होने के बाद गुजरात की लय बदल गई. टीम ने लगातार पांच मुकाबले जीत लिए हैं.

वॉशिंगटन सुंदर ने टीम की निरंतरता को बताया सफलता की कुंजी

गुजरात के ऑल राउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने एक बार फिर अहम पारी खेलते हुए अर्धशतक जड़ा. उन्होंने साईं सुदर्शन के साथ 60 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिससे टीम शुरूआती झटकों से उबर सकी. मैच के बाद सुंदर ने टीम की निरंतरता और स्पष्ट रणनीति की तारीफ की. उन्होंने कहा कि इस सीजन की हर टीम कड़ी चुनौती दे रही है, लेकिन गुजरात ने अपनी लय और रणनीति को बरकरार रखा है, जिसका फायदा लगातार जीत के रूप में मिल रहा है.