Bigg Boss 20

'HITMAN' की नई पारी, अब क्रिकेट के बाद टीवी पर लगाएंगे चौके-छक्के; शो की तारीख आई सामने

क्रिकेट के मैदान पर अपनी पहचान बनाने वाले रोहित शर्मा अब टीवी पर नई भूमिका में नजर आएंगे.

X
Ashutosh Rai

रोहित शर्मा अब क्रिकेट के बाद टीवी की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं. सोनी टीवी पर उनका नया शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ दर्शकों का मनोरंजन करेगा. शो के प्रोमो में रोहित का मशहूर ‘गार्डन’ डायलॉग भी सुनने को मिलेगा. इसे पूरे परिवार के साथ देखने लायक बनाया गया है.

19 सितंबर से टीवी पर रोहित की नई पारी

‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ का प्रसारण 19 सितंबर 2026 से शुरू होगा. मेकर्स के मुताबिक, यह रोहित का बतौर टीवी एंटरटेनर पहला बड़ा शो होगा. इसका फॉर्मेट परिवार के सभी उम्र के लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. शो सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर देखा जा सकेगा. रोहित की लोकप्रियता को देखते हुए इस शो से काफी उम्मीदें हैं.

गार्डन वाला डायलॉग फिर आएगा नजर

शो के प्रोमो में रोहित के क्रिकेट से जुड़े मजेदार पल भी देखने को मिल रहे हैं. खासतौर पर उनका ‘कोई भी गार्डन में नहीं घूमेगा’ वाला डायलॉग फिर चर्चा में है. भारत और इंग्लैंड के टेस्ट मैच के दौरान रोहित ने फील्डर्स को लेकर यह बात कही थी, जिसके बाद यह लाइन सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई और मीम्स का हिस्सा बन गई.


फैंस में बढ़ी एक्साइटमेंट

फिलहाल शो के पूरे फॉर्मेट की जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन प्रोमो ने दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है. रोहित अपने मजेदार अंदाज और बड़ी फैन फॉलोइंग के कारण टीवी पर भी लोगों का ध्यान खींच सकते हैं. आने वाले दिनों में शो का ट्रेलर और ज्यादा जानकारी सामने आने की उम्मीद है. अब देखना होगा कि क्रिकेट के बाद रोहित की टीवी पारी कितनी सफल रहती है.