नई दिल्ली: रविवार को कोलंबो में होने वाला T20 वर्ल्ड कप 2026 का मोस्टअवेटेड मुकाबला क्रिकेट फैंस के लिए बेहद खास है. भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस ग्रुप ए मैच पर मौसम की नजरें भी टिकी हुई हैं. बारिश की आशंका ने मुकाबले को लेकर उत्सुकता और चिंता दोनों बढ़ा दी है. श्रीलंका मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक कोलंबो में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन भारी बारिश की संभावना कम बताई गई है. हालांकि देश के पूर्वी और दक्षिणी प्रांतों के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का अनुमान है. कोलंबो पश्चिमी प्रांत में स्थित है और वहां रात के समय हल्की धुंध के साथ मौसम सूखा रहने की उम्मीद जताई गई है.
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि सुबह के समय वेस्टर्न, सबारागामुवा और सेंट्रल प्रांतों के कुछ इलाकों में धुंध रह सकती है. गाले और मतारा जिलों में भी हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है.
यह मुकाबला स्थानीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6 बजकर 30 मिनट पर होगा. तापमान अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. ह्यूमिडिटी 50 से 85 प्रतिशत के बीच रह सकती है, जिससे खिलाड़ियों को उमस का सामना करना पड़ सकता है.
ग्रुप चरण के इस मुकाबले के लिए कोई रिजर्व डे निर्धारित नहीं है. ऐसे में अगर मैच बारिश के कारण रद्द होता है तो दोनों टीमों को एक एक अंक मिलेगा. यह स्थिति अंक तालिका पर सीधा असर डाल सकती है.
भारत और पाकिस्तान दोनों ने अब तक अपने दो दो मुकाबले जीते हैं. भारत ने यूनाइटेड स्टेट्स और नामीबिया को हराकर चार अंक हासिल किए हैं. वहीं पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स और यूनाइटेड स्टेट्स पर जीत दर्ज की है.
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम चार अंकों और प्लस 3.050 के नेट रन रेट के साथ ग्रुप ए में शीर्ष पर है. पाकिस्तान भी चार अंक और प्लस 0.932 के नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है. इस मुकाबले का नतीजा ग्रुप की शीर्ष स्थिति तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है.