टी20 वर्ल्ड कप में ईशान किशन और संजू सैमसन में से कौन होगा शामिल? कप्तान सूर्या ने कर दिया स्पष्ट
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 4-1 से जीत ली है. ईशान किशन ने पांचवें मैच में शानदार शतक लगाया और साथ में विकेटकीपिंग भी की. वहीं संजू सैमसन मैच में बल्ले से स्ट्रगल करते रहे. कैप्टन सूर्यकुमार यादव ने साफ किया है कि विकेटकीपिंग का फैसला पहले से तय कर लिया गया था.
भारत-न्यूजीलैंड के बीच हुई पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत ने 4-1 की शानदार विजय प्राप्त की है. तिरुवनंतपुरम में खेले गए आखिरी मुकाबले में ईशान किशन ने 43 गेंदों में 103 रन की तूफानी पारी खेलकर समा बांधा और अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक भी पूरा किया. वहीं दूसरी पारी में ईशान ने विकेटकीपिंग भी की, जिससे संजू सैमसन की जगह पर फिर से सवाल उठ रहे हैं. इस सबके बीच कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सब कुछ स्पष्ट कर दिया और टीम की मजबूत तैयारी पर जोर भी दिया. यह जीत टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत के लिए बड़ा मनोबल लेकर आई है.
विकेटकीपिंग फैसले पर कप्तान का खुलासा
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विकेटकीपिंग का प्लान सीरीज शुरू होने से पहले ही तय कर लिया गया था. तिलक वर्मा की गैरमौजूदगी में दोनों विकेटकीपर- संजू और ईशान प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए थे. संजू ने पहले तीन मैचों में ग्लव्स पहने, जबकि ईशान को दो मैचों में मौका दिया गया. कप्तान ने जोर देकर कहा कि यह रोटेशन का हिस्सा था, न कि किसी की फॉर्म पर फैसला करना. उन्होंने कहा इससे टीम की योजना स्पष्ट हुई है.
ईशान किशन की धमाकेदार वापसी
गौरतलब है कि ईशान किशन चौथे मैच में चोट के कारण खेल नहीं पाए थे, लेकिन पांचवें मुकाबले में उन्होंने कमाल दिखा दिया. 103 रन की पारी में उन्होंने तेजी से रन बटोरे और भारत को 271/5 तक पहुंचा दिया. वहीं कप्तान सूर्यकुमार ने 63 रन बनाए, जबकि हार्दिक पंड्या ने भी हमेशाकी तरह अपना योगदान दिया. हांलाकि ईशान की निडर बल्लेबाजी ने टीम मैनेजमेंट को प्रभावित किया और वे मैच के हीरो बन कर उभरे
संजू सैमसन की चुनौती और टीम का प्रदर्शन
संजू सैमसन इस सीरीज में बल्ले से रन नहीं बना सके और आखिरी मैच में सिर्फ 6 रनों पर ही पवेलियन वापिस लौट गए. विकेटकीपिंग से हटने के बावजूद उनकी फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है. हालांकि टीम ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है. मैच में न्यूजीलैंड की शुरुआत फिन एलन की 80 रनों की पारी से अच्छी हुई थी, लेकिन टीम का मिडिल ऑर्डर फ्लॉप रहा और वे 225 रनों पर ही ऑलआउट हो गए. भारतीय टीम ने 46 रन से जीत अपने नाम कर ली.
वर्ल्ड कप से पहले दिया मजबूत संदेश
सीरीज जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी तैयारियां मजबूत की हैं. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ईशान को निडर खेलने की सलाह दी और कहा कि उनकी काबिलियत पर उन्हें पूरा भरोसा है. उन्होंने कहा कि टीम अब सही संयोजन और फॉर्म पर फोकस करेगी.