T20 World Cup: कल आमने-सामने होंगी IND vs ENG, क्या वानखेड़े की पिच साबित होगी बल्लेबाजों का स्वर्ग! जानिए कैसा होगा मौसम का मिजाज
गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेलना है. कल के मैच में पिच काफी अहम रोल अदा करेगी.
मुंबई: टी20 विश्व कप अब अपने अंतिम पड़ाव पर है. 4 और 5 मार्च को टूर्नामेंट का सेमीफानल मैच खेलना है. पहले मैच में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच भिड़ंत होगी तो वहीं पांच मार्च को भारत और इंग्लैंड टीम आमने-सामने होंगी.
मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम 5 मार्च को एक हाई-वोल्टेज मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है, जब भारत और इंग्लैंड टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे. कागजों पर भले ही भारतीय टीम मजबूत नजर आ रही हो, लेकिन नॉकआउट मुकाबलों का दबाव और दोनों टीमों का इतिहास इस मैच को बेहद रोमांचक बना देता है. फैंस को एक कांटे की टक्कर की उम्मीद है.
सेमीफाइनल में आमना-सामना
भारत और इंग्लैंड इससे पहले टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में दो बार भिड़ चुके हैं. 2022 में इंग्लैंड ने बाजी मारी थी, जबकि 2024 में भारत ने जीत दर्ज कर हिसाब बराबर किया. ऐसे में दोनों के बीच नॉकआउट रिकॉर्ड 1-1 से बराबर है, जो इस मुकाबले को और दिलचस्प बनाता है.
इंग्लैंड की मजबूत तैयारी
कप्तान हैरी ब्रूक की अगुवाई में इंग्लैंड ने सुपर 8 ग्रुप 2 में शीर्ष स्थान हासिल किया. ऑलराउंडर विल जैक्स और टीम की संतुलित गेंदबाजी इकाई ने उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है. इंग्लिश टीम आत्मविश्वास से भरी हुई मुंबई पहुंची है.
जानिए कैसा होगा कल मुंबई के मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, 5 मार्च को मुंबई में मौसम साफ रहने की संभावना है. इस दौरान मुंबई में बारिश की संभावना बिलकुल न के बराबर है. इसके अलावा बता दें कल मुंबई का तापमान 20 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. मैच के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं और ओस या बारिश के कारण मैच में रुकावट की संभावना नहीं है.
पिच का मिजाज
अब अगर वानखेड़े की पिच की बात करें तो यहां की पिच आमतौर पर संतुलित मानी जाती है. छोटी बाउंड्री होने के कारण यहां बल्लेबाजों को खासा मदद मिलती है. बता दें वानखेड़े के मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 170 से 190 के बीच रह सकता है.
यहां पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को उछाल मिल सकता है, जबकि बीच के ओवरों में स्पिनर असर डाल सकते हैं. दूसरी पारी में ओस गेंदबाजों के लिए चुनौती बन सकती है.
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत- संजू सैमसन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
इंग्लैंड- फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद