India vs Afghanistan Test: कल कितने बजे शुरू होगा मैच, कहां देख सकेंगे लाइव टेलीकास्ट और स्ट्रीमिंग? नोट कर लें हर डिटेल

भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा.

X
Ashutosh Rai

भारतीय क्रिकेट टीम लंबे इंतजार के बाद फिर से टेस्ट क्रिकेट के मैदान पर उतरने जा रही है. 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली घरेलू टेस्ट सीरीज हारने के बाद भारत पहली बार रेड-बॉल क्रिकेट खेल रहा है. टीम में कई नए खिलाड़ियों को मौका मिला है. वहीं कुछ अनुभवी खिलाड़ियों को आराम दिया गया है.

नए चेहरों पर दिखाया भरोसा

इस टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में कई अहम बदलाव देखने को मिले हैं. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल और आकाश दीप को आराम दिया गया है. वहीं राजस्थान के स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार, पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार और विदर्भ के स्पिनर हर्ष दुबे को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है.  साथ ही केएल राहुल को टेस्ट टीम का नया उप-कप्तान बनाया गया है.

शुभमन गिल पर रहेंगी निगाहें

इस मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा शुभमन गिल की वापसी को लेकर है. गर्दन की चोट के कारण वह पिछले टेस्ट मुकाबले में नहीं खेल पाए थे. अब शानदार IPL 2026 सीजन के बाद उनकी वापसी हो रही है. गिल ने IPL में लगातार रन बनाकर शानदार फॉर्म दिखाई थी. उनसे उम्मीद की जा रही है कि वह नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए भारतीय मध्यक्रम को मजबूती देंगे.

अफगानिस्तान की टीम में बदलाव

दूसरी तरफ अफगानिस्तान की टीन ने भी हाल की टेस्ट हार के बाद टीम में कई बदलाव किए गए हैं. अनुभवी बल्लेबाज रहमत शाह की वापसी से टीम को मजबूती मिली है. वहीं सेदिकुल्ला अटल, अजमतुल्ला ओमरजई और कैस अहमद जैसे खिलाड़ियों को मौका दिया गया है.

मैच कब, कहां और कैसे देखें

भारत और अफ़गानिस्तान के बीच यह टेस्ट मैच 6 जून से शुरू होगा. मुकाबले की पहली गेंद सुबह 9:30 बजे फेंकी जाएगी. मैच का आयोजन न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़ में होगा. फैंस इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे. वहीं लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar पर उपलब्ध रहेगी. स्टेडियम में जाकर मैच देखने वाले दर्शकों के लिए टिकट बिक्री पहले से शुरू हो चुकी है और अलग-अलग कीमतों में टिकट उपलब्ध हैं.

IND VS AFG SQUAD :

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)

अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमानुल्लाह जदरान, अफसर जजई (विकेटकीपर), इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नंग्याल खरोताई, कैस अहमद, बिलाल सामी, जिया शरीफी, सलीम साफी