Asian Games 2026

IND vs AFG: वरुण चक्रवर्ती OUT, दूसरे टी20 में टीम इंडिया की प्लेइंग XI बदलना तय; 26 साल के स्टार की एंट्री?

भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरे टी20 से पहले वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण बाहर हो गए हैं.

X
Ashutosh Rai

भारत ने पहले टी20 में अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर सीरीज में बढ़त बनाई. अब मंगलवार को दिल्ली में होने वाले दूसरे मुकाबले में टीम की नजर सीरीज जीतने पर होगी. वरुण चक्रवर्ती के बाहर होने से प्लेइंग इलेवन में बदलाव तय है और कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने पांचवें गेंदबाज का विकल्प चुनने की चुनौती होगी.

चक्रवर्ती के बाहर होने से बढ़ी टेंशन

वरुण चक्रवर्ती मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. उन्होंने पहले टी20 में चोट से वापसी करते हुए एक विकेट लिया था लेकिन अब उनकी गैरमौजूदगी ने टीम की परेशानी बढ़ा दी है. हार्दिक पंड्या पहले ही चोट के कारण टीम से बाहर हैं. ऐसे में भारत के पास पांचवें भरोसेमंद गेंदबाजी विकल्प की कमी साफ दिख रही है. पहले मैच में अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की. वहीं जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने भी अच्छा प्रदर्शन किया था.

5वें गेंदबाज को ढूंढना होगा

वरुण की जगह कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने दो प्रमुख विकल्प हैं. वह लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को टीम में शामिल कर सकते हैं या ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को मौका दे सकते हैं. पहले मैच में शिवम दुबे और नीतीश कुमार रेड्डी पांचवें गेंदबाज की जिम्मेदारी संभालने में उम्मीद के मुताबिक प्रभावी नहीं रहे. रेड्डी ने दो ओवर में 30 रन दिए, जबकि दुबे ने आखिरी ओवर में 21 रन खर्च किए. अभिषेक शर्मा ने भी एक ओवर किया. तीनों ने मिलकर चार ओवर में 59 रन दिए. एशियाई खेलों से पहले भारत को इस समस्या का हल निकालना होगा.


अभिषेक का फॉर्म भारत के लिए अच्छा

बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा ने 32 गेंदों पर 82 रन बनाकर शानदार वापसी की है. उनकी पारी ने फॉर्म को लेकर उठ रहे सवालों को शांत किया. ईशान किशन ने भी अभ्यास के दौरान पीठ में लगी मामूली चोट के बावजूद 33 गेंदों पर 42 रन बनाए. दूसरी ओर संजू सैमसन की जगह पर सवाल बना हुआ है. उन्होंने पहले मैच में सिर्फ 10 रन बनाए थे. अफगानिस्तान सीरीज से पहले भी उनकी पिछली चार पारियों में सिर्फ 33 रन थे। ऐसे में दूसरे टी20 में टीम संयोजन के साथ संजू के प्रदर्शन पर भी नजर रहेगी.