ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम का हुआ ऐलान, धोनी के चेले को मिली टीम की कमान

Ayush Mhatre: भारत ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए इंडिया अंडर-19 टीम का ऐलान कर दिया है. इस टीम की कप्तानी आयुष म्हात्रे के हाथों में सौंपी गई है. वे इंग्लैंड के बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी टीम की अगुवाई करते हुए दिखाई देने वाले हैं.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

Ayush Mhatre: भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए 18 सदस्यीय टीम का ऐलान हो चुका है. इस दौरे की कमान आयुष माहत्रे को सौंपी गई है, जिन्होंने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर शानदार नेतृत्व किया था. यह दौरा सितंबर में शुरू होगा, जिसमें तीन वनडे और दो मल्टी-डे मैच ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ खेले जाएंगे. 

आयुष म्हात्रे ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी भारतीय अंडर-19 टीम की अगुवाई करेंगे. इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने अपनी कप्तानी का लोहा मनवाया, जहां भारत ने वनडे सीरीज 3-2 से जीती और दो टेस्ट मैचों की सीरीज ड्रॉ रही. म्हात्रे की रणनीति और दबाव में शांत रहने की कला ने उन्हें इस दौरे के लिए पहली पसंद बनाया.

विहान मल्होत्रा बने उप-कप्तान

इंग्लैंड दौरे पर उप-कप्तान रहे अभिग्यन कुंदु इस बार भी टीम में हैं लेकिन उपकप्तानी की जिम्मेदारी विहान मल्होत्रा को दी गई है. विहान की बल्लेबाजी और मैदान पर चुस्ती ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है. अभिग्यन कुंदु और हरवंश सिंह बतौर विकेटकीपर टीम का हिस्सा होंगे.

इन खिलाड़ियों ने बनाई जगह

टीम में कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया था. वैभव सूर्यवंशी, राहुल कुमार, हरवंश सिंह, आर.एस. अंब्रिश, कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल, डी. दीपेश, अनमोलजीत सिंह और नमन पुष्पक जैसे खिलाड़ी एक बार फिर टीम में जगह बनाने में सफल रहे.

इसके अलावा, किशन कुमार, उद्धव मोहन, अमन चौहान और खिलन पटेल जैसे नए चेहरों को भी मौका मिला है. खिलन पटेल इंग्लैंड दौरे पर चोट के कारण नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब वह पूरी तरह फिट हैं और ऑस्ट्रेलिया में अपनी छाप छोड़ने को तैयार हैं.

चोटिल खिलाड़ियों की जगह मिला मौका

इंग्लैंड दौरे पर आदित्य राणा और खिलन पटेल की चोट के कारण डी. दीपेश और नमन पुष्पक को मौका मिला था. दोनों ने वहां शानदार प्रदर्शन किया और अब ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए मुख्य टीम में जगह पक्की की है. यह उनके लिए बड़ा मौका है क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियां गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण होती हैं.

भारत की अंडर-19 टीम

आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, राहुल कुमार, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीप), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, नमन पुष्पक, हेनिल पटेल, डी दीपेश, किशन कुमार, अनमोलजीत सिंह, खिलान पटेल, उधव मोहन, अमन चौहान.