ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले बदली U-19 टीम, रोहित यादव बाहर; सहवाग द्रविड़ के बेटे भी शामिल

ऑस्ट्रेलिया U-19 के खिलाफ घरेलू सीरीज से पहले भारत की जूनियर टीम में बदलाव हुआ है. उम्र से जुड़ी विसंगतियों के चलते रोहित यादव को हटाया गया. उनकी जगह आर्यन सावसानी और तन्मय बलोदा को मौका मिला.

Pinterest
Meenu Singh

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज से पहले भारत की अंडर-19 टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. लेग स्पिनर रोहित यादव को उम्र से संबंधित विसंगतियों के कारण दोनों स्क्वॉड से वापस बुला लिया गया है. उनकी जगह अब वनडे टीम में सौराष्ट्र के आर्यन सावसानी और मल्टी डे टीम में हरियाणा के तन्मय बलोदा को शामिल किया गया है. इस टीम में वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय भी जगह बनाने में सफल रहे हैं.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कब होंगे मुकाबले

भारत और ऑस्ट्रेलिया की U-19 टीमें तीन वनडे में आमने सामने होंगी. राजकोट में 18, 21 और 23 सितंबर को मुकाबले खेले जाएंगे. इसके बाद दो चार दिवसीय मैच होंगे. पहला मुकाबला 27 से 30 सितंबर तक राजकोट और दूसरा 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद में होगा. वनडे में लक्ष्य रायचंदानी कप्तान और यशवर्धन चौहान उपकप्तान होंगे. मल्टी डे में दोनों की जिम्मेदारियां आपस में बदल जाएंगी.

श्रीलंका में रायचंदानी का बल्ला गरजा

लक्ष्य रायचंदानी ऑस्ट्रेलिया सीरीज में शानदार लय के साथ उतरेंगे. श्रीलंका में हालिया दो चार दिवसीय मुकाबलों में उन्होंने 307 रन बनाए और 153.50 का औसत रहा. गॉल में उन्होंने 207 रन बनाए, जबकि कोलंबो में नाबाद 100 रन ठोके. उत्तराखंड के इस बल्लेबाज ने अब तक चार फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिनमें 223 रन बनाए हैं और तीन अर्धशतक उनके नाम हैं.


श्रीलंका दौरे पर इन युवाओं ने भी चमक दिखाई

श्रीलंका दौरे पर कई भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया था. पहले चार दिवसीय मैच में सागर विर्क ने 134 रन की पारी खेली थी. दूसरे मुकाबले में मनाल चौहान ने 150 रन बनाए, जबकि कुशाग्र ओझा ने 111 रन की पारी खेली. घरेलू परिस्थितियों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इन खिलाड़ियों से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी. टीम में नए चेहरों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा.

सहवाग और द्रविड़ के बेटों पर रहेंगी नजरें

भारत की U-19 वनडे टीम में आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ का नाम खास चर्चा में है. आर्यवीर, वीरेंद्र सहवाग के बेटे हैं, जबकि अन्वय राहुल द्रविड़ के बेटे हैं. अन्वय जुलाई में श्रीलंका दौरे पर भी टीम का हिस्सा थे. उन्होंने दूसरे वनडे में 87 रन बनाए थे. वह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे. उनके साथ राजत बघेल भी विकेटकीपर के तौर पर टीम में चुने गए हैं.