वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज में रोहित-कोहली की वापसी, टीम इंडिया का ऐलान
वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की ODI और 5 मैचों की T20I सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है. ODI टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली को जगह मिली है. सीरीज 27 सितंबर से शुरू होगी.
नई दिल्ली: वेस्टइंडीज के भारत दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है. चयनकर्ताओं ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए शुभमन गिल को कप्तान बनाए रखते हुए रोहित शर्मा और विराट कोहली को टीम में शामिल किया है. वहीं, टी20 टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है. वनडे सीरीज 27 सितंबर से शुरू होगी. इसके बाद 6 अक्टूबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी. दोनों प्रारूपों में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण देखने को मिलेगा.
रोहित-कोहली पर फिर भरोसा
वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी इस घोषणा की सबसे बड़ी खबर है. दोनों खिलाड़ी अब वनडे क्रिकेट पर ही अपना ध्यान केंद्रित कर रहे हैं. रोहित ने 2027 वनडे विश्व कप खेलने की इच्छा जताई थी. ऐसे में वेस्टइंडीज सीरीज के लिए उनका चयन भविष्य की योजना के लिहाज से अहम माना जा रहा है. विराट कोहली को भी टीम में जगह मिली है.
गिल की कप्तानी बरकरार
शुभमन गिल वनडे टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है. टीम में ऋतुराज गायकवाड़, ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं. तेज गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़ और मोहम्मद सिराज को जगह मिली है. यशस्वी जायसवाल, नमन धीर और औकिब नबी भी 15 सदस्यीय वनडे टीम का हिस्सा हैं.
Also Read
हार्दिक पंड्या टीम से बाहर
हार्दिक पंड्या को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे टीम में जगह नहीं मिली है. इससे पहले भी उनकी फिटनेस चयनकर्ताओं के लिए अहम मुद्दा रही है. वह आईपीएल 2026 के बाद से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हैं. जून में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उनका चयन हुआ था, लेकिन पैर की चोट के कारण वह सीरीज से पहले बाहर हो गए थे.
टी20 में अय्यर संभालेंगे कमान
पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर को कप्तान और तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है. टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन, शिवम दुबे, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर शामिल हैं. गेंदबाजी में कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव को चुना गया है.
27 सितंबर से शुरू होगी सीरीज
वेस्टइंडीज दौरे की शुरुआत 27 सितंबर को पहले वनडे से होगी, जो तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा. दूसरा वनडे 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में होगा. इसके बाद 6 अक्टूबर से लखनऊ में पहला टी20 खेला जाएगा. बाकी मुकाबले रांची, इंदौर, हैदराबाद और बेंगलुरु में होंगे. पांचवां और आखिरी टी20 17 अक्टूबर को खेला जाएगा.
भारतीय वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल [उपकप्तान], ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, औकिब नबी, यशस्वी जयसवाल, नमन धीर.
भारत की टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नीतिश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव