Budget 2026

इंडिया ओपन: पीवी सिंधू और किरण क्वार्टरफाइनल में हारे, सात्विक-चिराग ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

पीवी सिंधू इंडिया ओपन सुपर 750 के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में पेरिस कांस्य पदक विजेता इंडोनेशिया की ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजुंग से हारकर बाहर हो गईं. वहीं, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने सेमीफाइनल में पहुंच गई है.

Social Media
Gyanendra Sharma

नई दिल्ली, 17 जनवरी (भाषा): दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू शुक्रवार को यहां इंडिया ओपन सुपर 750 के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में पेरिस कांस्य पदक विजेता इंडोनेशिया की ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजुंग से हारकर बाहर हो गईं जबकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने सेमीफाइनल में पहुंचकर भारतीय उम्मीद कायम रखी.

2022 की चैम्पियन सात्विक और चिराग की जोड़ी ने कोरिया के जिन योंग और कांग मिन ह्यु की जोड़ी को महज 41 मिनट में 21-10, 21-17 से हरा दिया. इस जोड़ी का यह टूर पर लगातार तीसरा सेमीफाइनल है. यह जोड़ी पिछले साल चाइना मास्टर्स और मलेशिया सुपर 1000 के अंतिम चार में पहुंची थी.

62 मिनट तक चला मैच 

इससे पहले पूर्व चैंपियन सिंधू ने शुरुआती एकतरफा गेम हारने के बाद जोरदार वापसी की लेकिन निर्णायक गेम में लड़खड़ा गईं और 62 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में 9-21, 21-19, 17-21 से पराजित हो गईं. सिंधू ने कहा कि यह निश्चित रूप से दुखद है कि इतनी कड़े मुकाबले के बाद मैं तीसरे सेट में हार गई. लेकिन मुझे लगता है कि खेल ऐसा ही होता है. मुझे निश्चित रूप से मजबूत वापसी करनी थी लेकिन उस समय कोई भी उस अंक को हासिल कर सकता था या इसे गंवा सकता था.  उन्होंने कहा कि मैच में लंबी रैलियां थीं. मुझे और अधिक निरंतर होना होगा. लेकिन कभी कभी ऐसा होता है. 

सात्विक और चिराग की जोड़ी सेमी में 

पुरुष एकल में भारत की एकमात्र उम्मीद किरण जॉर्ज थे लेकिन उन्हें चीन के होंग यांग वेंग से 13-21, 19-21 से हार मिली. सात्विक और चिराग की जोड़ी ने मैच की शुरुआत जबरदस्त रैली से की और फिर उन्होंने पूरी तरह से दबदबा बना लिया. भारतीयों ने रैलियों को छोटा रखा, लगातार हमले किए और क्रिस-क्रॉस नेट प्ले किया, जिससे ब्रेक तक 11-3 की बढ़त हो गई. भारतीय लगातार आगे बढ़ते रहे और 18-8 की बढ़त हासिल कर ली. सात्विक और चिराग ने जल्द ही दो और स्मैश के साथ 11 गेम प्वाइंट हासिल कर पहला गेम अपने नाम कर लिया.

दूसरे गेम में जिन और कांग ने शुरुआत में 4-3 की मामूली बढ़त हासिल की, लेकिन यह ज्यादा देर तक बरकरार नहीं रही. भारतीयों ने लगातार शॉट्स से स्कोर 9-4 कर दिया और फिर सात्विक के ‘डाउन-द-लाइन’ स्मैश के बाद ब्रेक तक पांच अंक की बढ़त बना ली. कोरियाई खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए स्कोर 13-15 किया और 37 शॉट की रैली जीतकर स्कोर 16-16 से बराबर कर दिया. हालांकि चिराग ने जोरदार स्मैश लगाकर उनकी वापसी उम्मीद को खत्म कर दिया. कोरियाई खिलाड़ियों की नेट पर गलती के कारण सात्विक और चिराग ने तीन मैच प्वाइंट हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया.


(इस खबर को इंडिया डेली लाइव की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है)