IND vs PAK Women's T20 WC: एजबेस्टन में टॉस के वक्त हुआ बड़ा ड्रामा, हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तानी कप्तान ने नहीं मिलाया हाथ
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के मुकाबले से पहले एजबेस्टन में टॉस के दौरान हाथ न मिलाने का मामला चर्चा में रहा.
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले एक बार फिर हाथ न मिलाने की नीति सुर्खियों में रही. एजबेस्टन में टॉस के दौरान भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने एक दूसरे से हाथ नहीं मिलाए.
टॉस के दौरान फिर दिखा पुराना रुख
रविवार को एजबेस्टन में हुए इस बड़े मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. टॉस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सीधे मैच प्रस्तोता से बातचीत शुरू की और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना के साथ हाथ नहीं मिलाया. मैदान पर मौजूद दर्शकों और टीवी पर मैच देख रहे प्रशंसकों ने इस घटना पर तुरंत ध्यान दिया. हालांकि दोनों कप्तानों ने पेशेवर तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभाई लेकिन हाथ न मिलाने की घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई. इससे पहले भी भारत और पाकिस्तान के बीच कई मुकाबलों में ऐसा देखने को मिल चुका है.
2025 के एशिया कप से शुरू हुआ सिलसिला
भारतीय क्रिकेट टीमों द्वारा पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ हाथ न मिलाने का मामला पहली बार 2025 के एशिया कप के दौरान चर्चा में आया था. इसके बाद कई अंतरराष्ट्रीय और आयु वर्ग के टूर्नामेंटों में भी यही रुख देखने को मिला. अंडर-19 टूर्नामेंट, राइजिंग स्टार्स एशिया कप और महिला विश्व कप जैसे आयोजनों में भी भारतीय खिलाड़ियों ने यही तरीका अपनाया. पिछले महिला विश्व कप में भी हरमनप्रीत कौर और फातिमा सना के बीच मैच के बाद हाथ नहीं मिलाया गया था.
Also Read
- IND W vs PAK W LIVE, Women's T20 World Cup 2026: भारत को लगा दूसरा झटका, मैच पर पाकिस्तान ने बनाया दबदबा
- INDW vs PAKW: 'हम सिर्फ क्रिकेट की बात करते हैं...', मैच से पहले पाकिस्तान से हाथ मिलाने के सवाल पर भड़की हरमनप्रीत
- IND vs PAK Women's T20 WC: क्या बर्मिंघम में विलेन बनेगा मौसम? जानें कैसी रहेगी एजबेस्टन की पिच
हरमनप्रीत ने दिया संदेश
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब इस मुद्दे पर सवाल पूछा गया तो हरमनप्रीत कौर ने विवाद में पड़ने से बचते हुए साफ कहा कि टीम का पूरा ध्यान क्रिकेट पर है. उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबलों में दबाव हमेशा रहता है लेकिन खिलाड़ियों का काम मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है. भारतीय कप्तान ने जोर देकर कहा कि टीम सिर्फ खेल के बारे में सोच रही है और उसी पर फोकस कर रही है.