IND vs AFG: फिर मैदान पर दिखेंगे 'रोको', IPL के बाद भारत का दौरा करेगी अफगानिस्तान; यहां जानें पूरा शेड्यूल

भारत और अफगानिस्तान के बीच पिछला टेस्ट मुकाबला 2018 में खेला गया था. तब भारत ने पारी और 262 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी. उस मैच में शिखर धवन ने शतक लगाया था.

@chandanyadav_5
Anuj

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जून 2026 में होने वाले अफगानिस्तान के भारत दौरे का पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया है. इस दौरे में एक टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. आईपीएल 2026 के समापन के तुरंत बाद होने वाली इस सीरीज से भारतीय टीम अपने 2027 वनडे विश्व कप अभियान की तैयारी शुरू करेगी.

इस दौरे की खास बात यह है कि भारतीय टीम के दो दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर भारतीय जर्सी में खेलते नजर आएंगे. टी20 विश्व कप 2026 और आईपीएल के बाद यह उनकी पहली अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति होगी. लंबे समय से सीमित प्रारूप में उनके अनुभव को देखते हुए टीम प्रबंधन इस सीरीज को विश्व कप 2027 की तैयारी के लिहाज से अहम मान रहा है. 

8 साल पहले खेला गया था मैच

भारत और अफगानिस्तान के बीच पिछला टेस्ट मुकाबला 2018 में खेला गया था. तब भारत ने पारी और 262 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी. उस मैच में शिखर धवन ने शतक लगाया था और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था, जबकि टीम की कप्तानी अजिंक्य रहाणे के हाथों में थी. अब लगभग आठ साल बाद दोनों टीमों के बीच फिर से टेस्ट मुकाबला होने जा रहा है.

IND vs AFG 2026: पूरा शेड्यूल

एकमात्र टेस्ट: 6-10 जून, मुल्लांपुर, सुबह 9:30 बजे
पहला वनडे: 14 जून, धर्मशाला, दोपहर 1:30 बजे
दूसरा वनडे: 17 जून, लखनऊ, दोपहर 1:30 बजे
तीसरा वनडे: 20 जून, चेन्नई, दोपहर 1:30 बजे

न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले थे 'रोको'

रोहित शर्मा और विराट कोहली को आखिरी बार जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते देखा गया था. उस सीरीज में रोहित ने तीन मैचों में कुल 61 रन बनाए थे, जबकि विराट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 240 रन बनाए थे. इसके बावजूद भारतीय टीम सीरीज 1-2 से हार गई थी. भारत ने केवल वडोदरा में खेला गया पहला वनडे चार विकेट से जीता था.

विश्व कप 2027 की तैयारी की शुरुआत

अफगानिस्तान के खिलाफ यह घरेलू सीरीज भारतीय टीम के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है. चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन की नजर 2027 वनडे विश्व कप पर है, जो अक्टूबर-नवंबर 2027 में खेला जाएगा. ऐसे में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के संयोजन को परखने का यह अच्छा अवसर होगा.