श्री चरानी के आगे नहीं टिकी नीदरलैंड्स की बल्लेबाजी, विश्व कप में 4 विकेट लेकर रचा इतिहास, रिकॉर्ड बुक में हुई शामिल

महिला T20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की. इसके साथ ही भारत की युवा स्पिनर श्री चरानी ने इस मैच में एक अनोखा रिकॉर्ड में अपने नाम दर्ज कर लिया है.

ANI
Meenu Singh

नई दिल्ली: महिला T20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला टीम शानदार लय में नजर आ रही है. बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन और गेंदबाजों की सटीक रणनीति के दम पर टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है. नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारत ने हर विभाग में शानदार खेल दिखाया और एकतरफा अंदाज में जीत हासिल की. इस जीत की सबसे बड़ी नायिका युवा गेंदबाज श्री चरानी रहीं, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया.

मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. टीम के लिए स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा ने अहम योगदान दिया. इसके जवाब में नीदरलैंड्स की टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 114 रन पर सिमट गई. भारत ने यह मुकाबला 95 रन के बड़े अंतर से अपने नाम किया.

श्री चरानी ने गेंद से मचाया धमाल

भारतीय जीत में युवा स्पिनर श्री चरानी की भूमिका बेहद अहम रही. उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में केवल 19 रन खर्च किए और चार महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए. उनकी सटीक गेंदबाजी ने नीदरलैंड्स की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी और मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया.


रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ नाम

इस शानदार प्रदर्शन के साथ श्री चरानी ने एक खास उपलब्धि भी हासिल की. वह महिला टी20 विश्व कप में चार विकेट लेने वाली सबसे युवा भारतीय गेंदबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं. इतनी कम उम्र में विश्व कप जैसे बड़े मंच पर ऐसा प्रदर्शन उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करता है. वह राधा यादव और प्रियंका रॉय के बाद इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं. 

भारत की बड़ी जीतों में शामिल हुआ मुकाबला

95 रन से मिली यह जीत महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की पांचवीं सबसे बड़ी जीत बन गई है. इससे पहले भारतीय टीम मलेशिया, यूएई, बारबाडोस और इंग्लैंड के खिलाफ इससे भी बड़े अंतर से जीत दर्ज कर चुकी है. यह आंकड़ा टीम की लगातार बढ़ती ताकत और आत्मविश्वास को दर्शाता है.

अब दक्षिण अफ्रीका से होगी टक्कर

भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अब तक प्रभावशाली प्रदर्शन किया है और अगले मुकाबले में उसकी चुनौती दक्षिण अफ्रीका होगी. यह मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला काफी रोमांचक माना जा रहा है, क्योंकि दोनों पक्ष टूर्नामेंट में अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेंगे.