Ind vs Wi: शुभमन गिल ने जड़ा दोहरा शतक, भारत ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया

शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मात्र 117 गेंदों में दोहरा शतक जमाया है. इसी के साथ वह दुनिया के सबसे तेज दोहरा शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं.

X
Sagar Bhardwaj

गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे रोमांचक वनडे मैच में कप्तान शुभमन गिल ने धमाकेदार दोहरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया है. इसी के साथ वह दुनिया के सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. गिल ने महज 117 गेंदों में डबल सेंचुरी लगाई और कई दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया. शुभमन गिल की डबल सेंचुरी के साथ-साथ भारत ने इस मुकाबले को 8 विकेट से जीत लिया.

विंडीज ने खड़ा किया था पहाड़ जैसा स्कोर

इससे पहले वेस्टइंडीज ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 405 रन बनाए थे. जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 43.3 ओवर में मात्र 2 विकेट खोकर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया. यह दूसरी बार है जब वनडे मुकाबले में किसी टीम ने 400 से ज्यादा रनों का लक्ष्य हासिल किया हो. इससे पहले साउथ अफ्रीका ने साल 2006 में 438 रनों का टारगेट चेज किया था. यह पहली बार है जब भारत ने वनडे में 400 से ज्यादा रनों का लक्ष्य हासिल किया हो. इस मैच में शुभमन गिल ने जहां नाबाद 223 रन की पारी खेली, वहीं रोहित शर्मा ने शानदार 101 रन बनाए. विराट कोहली 29 रन ही बना सके और ऋतुराज गायकवाड़
31 रन बनाकर नाबाद रहे.

भारत ने अपने नाम की सीरीज

वेस्टइंडीज की पारी की बात करें तो उनकी पूरी पारी में तीन शतक लगे, जिसमें से आमिर जंगू ने सर्वाधिक 114 रन बनाए. कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज शाई होप ने 104 रन और जॉन कैंपबेल ने शानदार 101 रनों की पारी खेली. इस जीत के साथ ही भारत ने यह सीरीज भी अपने नाम कर ली.