LBW आउट होते ही भड़का श्रीलंकाई खिलाड़ी, पटका बल्ला; ड्रेसिंग रूम में फेंके ग्लव्स
कोलंबो टेस्ट के दूसरे दिन प्रभात जयसूर्या LBW आउट होने के बाद अंपायर के फैसले से नाराज दिखे. उन्होंने बाहर जाते समय बाउंड्री कुशन पर बल्ला मारा और ड्रेसिंग रूम में ग्लव्स फेंक दिए.
भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन का अंत काफी ड्रमैटिक रहा. दूसरे टेस्ट मैच में अब तक भारतीय टीम का दबदबा देखने को मिल रहा है. दूसरे दिन भी भारतीय बल्लेबाजों ने मेजबान टीम के गेंदबाजों को खूब परेशान किया. लेकिन 503 रनों पर अपनी पारी की घोषणा के बाद असली ड्रामा शुरु हुआ जब लंका की टीम बल्लेबाजी क्रीज पर आई.
दूसरा दिन मेजबान टीम के लिए काफी निराशाजनक रहा क्योंकि एक तो पहले लंका गेंदबाजों की पिटाई हो चुकी थी उसके बाद टीम की बल्लेबाजी में भी कोई धार नहीं दिख रही थी. लेकिन असली विवाद तो तब शुरु हुआ जब खराब रोशनी को लेकर पहले से नाराज खिलाड़ियों के बीच प्रभात जयसूर्या को नाइटवॉचमैन बनाकर भेजा गया, लेकिन वह ज्यादा देर नहीं टिक सके. मानव सुथार की गेंद पर वह LBW आउट हो गए. जयसूर्या अंपायर के इस फैसले नाखुश दिखे और जाते समय उन्होंने अपना बल्ला बाउंड्री कुशन पर पटका और अपने ग्लव्स फेंक दिया.
7 गेंद में खत्म हुई नाइटवॉचमैन की पारी
श्रीलंका ने दिन के अंतिम हिस्से में लाहिरु उदारा का विकेट गंवाया, जिसके बाद जयसूर्या को नाइटवॉचमैन बनाकर भेजा गया. उनका काम दिन का खेल खत्म होने तक विकेट बचाना था. हालांकि, मानव सुथार की गेंद पर वह LBW आउट हो गए. रिव्यू में भी अंपायर ने अपना फैसला नहीं बदला और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा. जयसूर्या ने केवल सात गेंदों में दो रन बनाए और पवेलियन लौट गए.
Also Read
आउट होते ही बल्ले से निकला गुस्सा
फैसला अपने खिलाफ जाने के बाद जयसूर्या काफी नाराज दिखाई दिए. पवेलियन की ओर लौटते समय उन्होंने बल्ले से बाउंड्री कुशन पर प्रहार किया. ड्रेसिंग रूम में पहुंचने के बाद भी उनकी नाराजगी कम नहीं हुई और उन्होंने अपने ग्लव्स उतारकर फेंक दिए. यह पूरा घटनाक्रम कैमरों में कैद हो गया और देखते ही देखते मुकाबले के सबसे चर्चित पलों में शामिल हो गया. अब उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
खराब रोशनी ने बढ़ाया तनाव
जयसूर्या के आउट होने से पहले श्रीलंकाई खिलाड़ी खराब रोशनी को लेकर अंपायरों से चर्चा कर रहे थे. उनका मानना था कि परिस्थितियां बल्लेबाजी के लिए ठीक नहीं थीं और खेल रोका जाना चाहिए. इसके बावजूद मुकाबला जारी रहा. इसी दौरान श्रीलंका ने केवल तीन ओवर में आठ रन के भीतर दो विकेट गंवा दिए. भारतीय टीम ने पहली पारी नौ विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित की थी.