Budget 2026

IND vs SA:  क्या साल में 2 टेस्ट खेलकर रबाडा छू पाएंगे 400 विकेट का आंकड़ा? किस दिग्गज को सताई ये चिंता

India vs South Africa: कैगिसो रबाडा दक्षिण अफ्रीका के महान तेज गेंदबाजों की लीग में शामिल हैं, लेकिन इस बात की चिंता है कि क्या वह टेस्ट क्रिकेट में और भी बड़े मुकाम हासिल कर पाएंगे.

Antriksh Singh

India vs South Africa: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज मखाया नतिनी ने कहा है कि कगिसो रबाडा उन महान तेज गेंदबाजों में से एक हैं जो प्रोटियाज ने पिछले कुछ सालों में दिए हैं, लेकिन उन्होंने इस बात पर संदेह जताया है कि वह टेस्ट क्रिकेट में और बड़े मुकाम हासिल कर पाएंगे.

9 साल में केवल 285 विकेट

नतिनी ने कहा कि रबाडा को 9 साल तक टेस्ट क्रिकेट खेलने के बावजूद केवल 285 टेस्ट विकेट मिले हैं, क्योंकि भारत, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों की तुलना में प्रोटियाज लाल गेंद के क्रिकेट में कम मैच खेलते हैं.

रबाडा ने भारत के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 500 विकेट का आंकड़ा हासिल किया. दाएं हाथ के पेसर ने सुपरस्पोर्ट पार्क के तेज पिच पर उन्होंने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली समेत 5 विकेट लेकर भारत के बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया. उनके प्रदर्शन ने भारत को 208/8 के स्कोर तक सीमित कर दिया.

7वें स्थान पर

रबाडा दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाजों की सूची में 7वें स्थान पर हैं. वे जैक्स कैलिस से 6 विकेट पीछे हैं, जिन्होंने 165 टेस्ट में 291 विकेट लिए थे. डेल स्टेन 93 मैचों में 439 विकेट के साथ सूची में शीर्ष पर हैं जबकि शॉन पोलक ने 108 मैचों में 421 विकेट के साथ अपने शानदार करियर का अंत किया. नतिनी ने खुद 101 टेस्ट में 390 विकेट लिए थे जबकि महान एलन डोनाल्ड ने 72 टेस्ट में 330 विकेट लिए थे.

मखाया नतिनी ने क्या कहा

नतिनी ने कहा, "वह पहले से ही ऊपर है. जब आप उन लोगों के बारे में बात करते हैं, वे 400 के पार जा चुके हैं और रबाडा 300 का पीछा कर रहे हैं. लेकिन एक बड़ी समस्या है."

उन्होंने कहा, "आप साल में दो टेस्ट मैच खेल रहे हैं? क्या आपको लगता है कि यह लड़का (रबाडा) तब तक टिक सकता है? दक्षिण अफ्रीका बाकी टीमों के मुकाबले कम टेस्ट खेल रहा है."

नतिनी ने इस बात पर जोर दिया कि खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का गर्व महसूस करना चाहिए. भले ही फ्रेंचाइजी-आधारित टी20 लीग अधिक आकर्षक विकल्प बन गई हों.

उन्होंने कहा, "आपका देश आपकी प्राथमिकता है. कगिसो का उदाहरण लें. उन्होंने कितने टेस्ट मैच खेले हैं और वह अभी भी आईपीएल खेलते हैं. अगर गेराल्ड कोएटजी आज सोचते हैं कि उन्हें एक मिलियन रैंड मिल रहा है और अब उन्हें क्या करना चाहिए, तो यह उनकी सबसे बड़ी गलती होगी."