T20 World Cup 2026

IND vs SA: कोलकाता टेस्ट में भारत को क्यों मिली करारी हार, सौरव गांगुली ने बताया असली कारण

साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में भारत को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद अब भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने इस हार के पीछे का असली कारण बताया है.

X
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया पहला टेस्ट मैच भारतीय टीम के लिए निराशाजनक रहा. मेहमान टीम ने भारत को 30 रनों से हरा दिया. तीन मैचों की सीरीज में भारत अब 0-1 से पीछे है.

इस हार के बाद पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने टीम की रणनीति पर सवाल उठाए हैं. दादा ने साफ कहा कि इस हार का सबसे बड़ा कारण गलत टीम संयोजन और कुछ खिलाड़ियों का गलत जगह इस्तेमाल था.

नंबर-3 पर वॉशिंगटन सुंदर का प्रयोग गलत

सौरव गांगुली ने सबसे पहले नंबर-3 पर वॉशिंगटन सुंदर को भेजने के फैसले पर उंगली उठाई. मुश्किल पिच पर सुंदर ने पहली पारी में 29 और दूसरी पारी में 31 रन बनाए लेकिन गांगुली का मानना है कि लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट में नंबर-3 की जिम्मेदारी सुंदर के लिए सही नहीं है.

उन्होंने कहा, “वॉशिंगटन सुंदर बहुत अच्छे क्रिकेटर हैं. वे शानदार गेंदबाजी करते हैं और बल्लेबाजी भी अच्छी करते हैं, लेकिन नंबर-3 उनके लिए सही जगह नहीं है. खासकर इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड जैसी विदेशी परिस्थितियों में.”

घर में चार स्पिनरों की जरूरत नहीं

कोलकाता की पिच स्पिन के लिए मशहूर है लेकिन सौरव गांगुली को लगा कि चार स्पिनर खेलाना जरूरत से ज्यादा था. टीम में कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर चार स्पिनर थे लेकिन वॉशिंगटन को पूरे मैच में सिर्फ एक ओवर ही गेंदबाजी करने को मिला.

तीन स्पिनर्स हैं काफी: गांगुली

दादा ने कहा, “भारत को घर में चार स्पिनरों की जरूरत नहीं है. जब पिच टर्न कर रही हो और मुख्य स्पिनर (जडेजा, कुलदीप, अक्षर) 20-30 ओवर डाल सकते हैं तो चौथा स्पिनर रखने का कोई मतलब नहीं बनता. वॉशिंगटन एक ओवर से ज्यादा गेंदबाजी नहीं कर पाए. ऐसे में टीम संयोजन में संतुलन बिगड़ जाता है.”

अब गुवाहाटी में वापसी की उम्मीद

पहला टेस्ट हारने के बाद भारतीय टीम अब 22 नवंबर से गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में दूसरा टेस्ट खेलेगी. फैंस को उम्मीद है कि कोच गौतम गंभीर और कप्तान रोहित शर्मा सौरव गांगुली की सलाह पर गौर करेंगे और टीम में जरूरी बदलाव करेंगे.