IND vs SA: 'मोटा हो जाऊंगा...', रोहित शर्मा ने सीरीज जीत के बाद केक खाने से किया मना, कोहली भी नहीं रोक पाए हंसी
साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरा वनडे मैच जीतकर टीम इंडिया ने सीरीज अपने नाम कर ली. इसके बाद रोहित शर्मा ने केक खाने से मना कर दिया, तो कोहली हंसने लगे.
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका को वनडे सीरीज में 2-1 से हरा दिया. निर्णायक तीसरे मैच में भारत की शानदार जीत के बाद टीम होटल में जश्न मना रही थी. इसी दौरान एक मजेदार वाकया हुआ जिसने सभी को हंसा दिया.
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने जीत का केक खाने से साफ मना कर दिया. इसके बाद वहां पर खड़े विराट कोहली की हंसी छूट गई और वे रोहित पर हंसने लगे.
फिटनेस के लिए रोहित की सख्ती
रोहित शर्मा पिछले कुछ समय से अपनी फिटनेस पर बहुत मेहनत कर रहे हैं. उन्होंने 10 किलो से ज्यादा वजन कम किया है. इसका एकमात्र मकसद 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक पूरी तरह फिट रहना और टीम इंडिया के लिए खेलते रहना है. इसी मेहनत का नतीजा है कि वे केक जैसी मीठी चीजों से भी दूर रहते हैं.
तीसरे वनडे में रोहित का धमाका
तीसरे वनडे में रोहित शर्मा ने बल्ले से कमाल कर दिया. उन्होंने सिर्फ 73 गेंदों में 75 रन ठोक डाले. इस पारी में 7 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर रोहित ने पहले विकेट के लिए 155 रनों की बड़ी साझेदारी की.
रोहित के आउट होने के बाद भी विकेट नहीं गिरा. यशस्वी ने नाबाद 116 और विराट कोहली ने नाबाद 65 रन बनाकर टीम को 9 विकेट से आसानी से जीत दिला दी.
केक काटते वक्त हुआ मजेदार सीन
मैच के बाद होटल में जीत का जश्न मनाया गया. प्लेयर ऑफ द मैच बने यशस्वी जायसवाल ने केक काटा और सबको खिलाया. जब उन्होंने रोहित को केक ऑफर किया तो हिटमैन ने मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर मना कर दिया.
रोहित बोले, "नहीं भाई मैं नहीं खाता. मोटा हो जाऊंगा वापस." यह सुनकर विराट कोहली सहित पूरी टीम हंस पड़ी. कोहली खुद हंसते-हंसते रोहित को चिढ़ाते नजर आए.
यहां पर देखें वीडियो-
सीरीज में रोहित का शानदार प्रदर्शन
तीन मैचों की सीरीज में रोहित ने लगातार अच्छी बल्लेबाजी की. पहले मैच में 57 रन, दूसरे में 14 रन और तीसरे मैच में 75 रन बनाए. दो अर्धशतक उनके बल्ले से निकले और दोनों बार भारत ने मैच जीता. रोहित की फिटनेस और फॉर्म देखकर साफ लग रहा है कि 2027 वर्ल्ड कप तक वे टीम इंडिया की ताकत बने रहेंगे.