IND vs PAK Women's T20 WC: क्या बर्मिंघम में विलेन बनेगा मौसम? जानें कैसी रहेगी एजबेस्टन की पिच

भारत और पाकिस्तान के बीच महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बड़ा मुकाबला एजबेस्टन में खेला जाएगा. आईए देखते हैं कि पिच रिपोर्ट क्या है और किसकी तरफ पासा पलट सकती है.

X
Ashutosh Rai

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीमें आज रविवार को एजबेस्टन मैदान पर आमने-सामने होंगी. इस मुकाबले को लेकर दोनों देशों के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है.

एजबेस्टन की पिच पर क्या रहेगा खास?

बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड की पिच को संतुलित माना जाता है. यहां बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलता है. शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को पिच से अतिरिक्त मदद मिलने की संभावना रहती है. गेंद में हल्की मूवमेंट देखने को मिल सकती है, जिससे नई गेंद का सामना करना आसान नहीं होगा. यही कारण है कि शुरुआती विकेट मैच की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं. दूसरी ओर, बल्लेबाज अगर शुरुआती दबाव झेल लेते हैं तो बाद के ओवरों में बड़े शॉट खेलना आसान हो सकता है.

स्पिनर्स और तेज गेंदबाजों की भूमिका अहम

इस मैदान पर केवल तेज गेंदबाज ही नहीं, बल्कि स्पिनर्स भी असर छोड़ सकते हैं. जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, पिच थोड़ी धीमी हो सकती है, जिसका फायदा स्पिन गेंदबाज उठाने की कोशिश करेंगे. भारत की स्पिन ताकत और पाकिस्तान की गेंदबाजी यूनिट दोनों इस पिच पर असर डाल सकती हैं. कप्तान टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करने पर विचार कर सकते हैं. इससे शुरुआती परिस्थितियां गेंदबाजों के पक्ष में नजर आ रही हैं. दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को लक्ष्य का अंदाजा भी रहेगा, जिससे रणनीति बनाना आसान होगा.


मौसम और मैच पर उसका असर

मौसम विभाग के अनुसार बर्मिंघम में रविवार को बादल छाए रहने की संभावना है लेकिन बारिश की कोई बड़ी आशंका नहीं है. तापमान 13 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो खिलाड़ियों के लिए अनुकूल माना जाता है. बादलों की मौजूदगी तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त मदद दे सकती है. ऐसे में दोनों टीमों के बल्लेबाजों को सावधानी के साथ शुरुआत करनी होगी. कुल मिलाकर एजबेस्टन में क्रिकेट प्रेमियों को एक रोमांचक और कड़े मुकाबले की उम्मीद है.